Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर6 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सज्जाद को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।
आजाद नगर में हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह इलेक्ट्रीशियन का काम करता था और पड़ोस में तीसरी मंजिल पर बिजली का काम कर रहा था। उसने वायर छत पर फेंकने की कोशिश की, लेकिन वायर लाइन से टकरा गया और करंट लग गया। मामले में आजाद नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि मृतक का नाम मोहम्मद सज्जाद निवासी आजाद नगर है। सज्जाद इलेक्ट्रीशियन का काम करते हैं। वे अपने पड़ोस में रहने वाले मो. रईस के घर बिजली का काम करने गए थे। काम के दौरान उन्होंने छत पर वायर फेंका। वायर छत की जगह हाई टेंशन लाइन पर लटक गया। वायर के लाइन से टकराने के साथ ही सज्जाद को करंट का झटका लगा और वे नीचे गिर गए। हादसे में उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में मकान मालिक की लापरवाही सामने आ रही है।
परिजन ने बताया कि सज्जाद तीसरी मंजिल पर लाइट का काम कर रहे थे। यहीं से उन्होंने वायर ऊपर उछाला जो लाइन से टकरा गया। लाइन में वायर के आते ही नीचे आग की चिंगारी निकली और सज्जाद झटके के साथ नीचे गिर गए। इसके बाद मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सज्जाद के तीन बच्चे हैं।