प्रदेश के कृषि मंत्री ने किसानों से धोखा करने वालों को चेतावनी दी है. (फाइल फोटो)
कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा कि किसानों से धोखा करने वालों के खिलाफ मप्र सरकार एक्शन मूड में है. प्रदेश में ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
- Last Updated:
January 1, 2021, 2:24 PM IST
हरदा जिले में किसानों की शिकायत पर नए कृषि कानून के अंतर्गत हुई त्वरित कार्रवाई के बाद प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने हरदा और देवास जिला प्रशासन की सराहना की और बधाई दी. गौरतलब है कि देवास जिले के व्यापारियों द्वारा हरदा देवास और सीहोर के किसानों से उपज खरीदकर भुगतान नहीं किया गया था. किसानो की शिकायत पर 24 घंटे में कार्रवाई कर कृषि कानून के अंतर्गत एसडीएम ने हरदा राजस्व न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया था.
एक्शन मूड में है सरकार
कृषि मंत्री कमल पटेल ने वीडियो के माध्यम से बयान जारी कर कहा कि किसानों से धोखा करने वालों के खिलाफ मप्र सरकार एक्शन मूड में है. प्रदेश में ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. अगर किसी किसान के साथ धोखा किया तो कठोर कार्रवाई कर सम्पत्ति कुर्क की जाएगी. रासुका की कार्रवाई कर धोखाधड़ी करने वालों को जेल में सड़ा दिया जाएगा.कितना भी बाहुबली नहीं बचेगा
मंत्री ने कहा किसान के साथ ठगी करने वाला चाहे कितना ही बड़ा बाहुबली हो, कितना ही बड़ा व्यक्ति हो, किसी का भी रिश्तेदार हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा. किसानों से उपज खरीदकर भुगतान नहीं करने वाले खातेगांव की फर्म खोजा ट्रेडर्स के व्यापारी सुरेश और पवन के खिलाफ शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की गई थी. दोनों व्यापारियों की सम्पत्ति कुर्क कर किसानों का भुगतान किया जाएगा.
ये है मामला– किसानों को नहीं मिला पैसा
खातेगांव की खोजा ट्रेडर्स के व्यापारी सुरेश और पवन ने हरदा और देवास जिले के लगभग 200 किसानो से मुंग, चना और सोयाबीन उपज खरीदी थी. व्यापारियों ने लंबे समय बाद भी उसका भुगतान नहीं किया. इस मामले में हरदा जिले के 30 पीड़ित किसानों ने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत की थी. जांच में सामने आया कि हरदा जिले के 19 किसानो से 1131 क्विंटल डालर चना, 1291 क्विंटल मूंग खरीदी थी. खरीदी गई उपज का मूल्य करीब-करीब 2 करोड़ था, जिसका भुगतान व्यापारी ने नहीं किया.