Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
शाजापुर12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- क्षेत्र के लोगों ने बताया- नदी के दूसरे किनारे से रेत निकालने के लिए बना रहे रास्ता
शहर की चीलर नदी की सूरत बिगाड़ने वाले लगातार सक्रिय बने हुए हैं, जबकि इन पर कार्रवाई करने वाले अफसरों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पिछले दिनों वाटर वर्क्स के पीछे से सैकड़ों ट्रालियां भरकर अवैध रेत खनन किया गया तो अब दूसरे किनारे को छलनी करने के लिए ट्रैक्टर और जेसीबी पहुंचाने का रास्ता बनाने पेड़ काट दिए गए। वह भी एक, दो नहीं पूरे 25 से ज्यादा पेड़ काटने का मामला सामने अया। इसकी भनक लगते ही मौके पर पहुंची भास्कर टीम को देख कुल्हाड़ी चलाने वाले भाग गए।
ज्ञात रहे किसानों की आड़ में नदी किनारों पर लगे वृक्षों की अंधाधुंध कटाई की जा रही है। इसके पहले अवैध रेत खनन करने वाले बल्लू नामक व्यक्ति ने वाटर वर्क्स के पीछे ही एक किसान को 30 हजार रुपए का लालच देकर नदी के किनारे खोद दिए थे। अब ऐसे ही अन्य अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों ने एक बार फिर नदी किनारे के दर्जनों वृक्ष काट दिए।
ऐसा नहीं कि इसकी सूचना वन विभाग और राजस्व विभाग के मैदानी कर्मचारियों को नहीं थी। पास में ईंट भट्टा संचालित करने वाले एक ग्रामीण युवक ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग और राजस्व विभाग के पटवारियों को भी फोन पर इसकी सूचना दे दी थी।
अवैध रेत खनन पर भी नहीं कार्रवाई
चीलर नदी के किनारे अवैध खनन के मामले को भी भास्कर ने उजागर किया था। इसमें 200 मीटर तक के किनारे खोद दिए और रातोंरात सैकड़ों ट्राली रेत खनन कर अवैध काॅलोनियों में हो रहे मकान निर्माण के दौरान बाजार में लाए बिना ही बेच दी। इसके बाद भी जिम्मेदार खनिज विभाग के अफसरों ने कार्रवाई नहीं की। अब दो दिनों पहले कटे वृक्षों के मामले भी राजस्व और वन विभाग की कार्रवाई सुस्त पड़ी हुई है।
भास्कर टीम पहुंची तो चले गए काटने वाले
नए साल के पहले चीलर नदी किनारे वृक्षों की कटाई की जानकारी मिलते ही भास्कर टीम मौके पर पहुंची। यहां पेड़ की कटाई हो रही थी। भास्कर का कैमरा शुरू होते ही कुल्हाड़ी चलाने वाले भाग खड़े हुए। क्षेत्र में जब पड़ताल की गई तो करीब 25 से ज्यादा वृक्ष कटे पड़े थे।
^पेड़ काटने की जानकारी हमारे पास नहीं आई है। मौके का निरीक्षण कर राजस्व विभाग को अवगत कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।
भूपेंद्र दीक्षित, सीएमओ शाजापुर