Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
नए साल की सबसे बड़ी जरूरत शहर की खस्ताहाल सड़कों की मरम्मत और अतिक्रमण हटाकर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार करना है। साथ ही पार्किंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था भी शहर के विकास को रफ्तार देगी। चरमराती स्वास्थ्य सेवाओं को जिंदा करने के लिए सख्त मॉनीटरिंग की जरूरत है। साथ ही निजी अस्पतालों में इलाज खर्च पर भी अंकुश लगाना जरूरी होगा। यह मानना है शहर के लोगों का।
दैनिक भास्कर ने शहर के 300 लोगों से 2021 के लिए उनकी तीन-तीन प्राथमिकताएं जानीं। 52 फीसदी लोगों ने सड़क और ट्रैफिक में सुधार को प्राथमिकता बताया तो 26 फीसदी लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को महत्व दिया। 14 फीसदी लोगों की नजर में सफाई व्यवस्था प्राथमिकता रही।
भास्कर ने सर्वे में आए सुझावों के आधार पर 2021 के लिए विकास का एजेंडा तैयार किया है। जनता के इस एजेंडे पर ही शहर विकास की दिशा तय हो, भास्कर इसके लिए पूरे साल प्रयास करेगा।
ये है विकास का एजेंडा
सड़कें बनाने और मरम्मत के काम में तेजी आए
फुटपाथ व सड़कों पर व्यापार करने वाले हॉकर्स को सख्ती से हॉकर्स जोन में भेजना चाहिए।
ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के साथ नियमों के पालन में सख्ती जरूरी।
स्वस्थ्य सेवाओं में सुधार, निजी अस्पतालों की मनमानी पर रोक की व्यवस्था।
नए बाजार तथा उद्योगों के विस्तार पर जोर हो।
सफाई के साथ स्ट्रीट लाइट, पेयजल और सीवेज-ड्रेनेज की व्यवस्था हो।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट का विस्तार हो
हवाई सेवा के विस्तार के साथ लंबी दूरी की ट्रेनों का स्टॉपेज।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा बढ़े और सड़कें दुरुस्त रहें तो बढ़ेगी ट्रैफिक और विकास की रफ्तार
शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की समस्या है। नए साल में हर क्षेत्र को पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा से जोड़ना चाहिए। अभी शहर के कई बड़े आवासीय क्षेत्र ऐसे हैं जहां से यात्री वाहन नहीं मिलते। लोगों को ऑटो चालकों की मनमानी बर्दाश्त करनी होती है।
स्मार्ट सिटी ने जो सिटी बसें चालू कीं, उनका संचालन भी कहीं न कहीं भटक रहा है। इस व्यवस्था को मजबूत करते ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम में काफी सुधार हो जाएगा। शहर की सड़कों पर भी काम होना चाहिए। यदि निर्माण के वक्त गुणवत्ता पर जोर और पेंच रिपेयरिंग होती रहे तो नए साल के शुरूआती महीनों में आरामदायक सड़कें मिल सकती हैं। जब सड़कें अच्छी होंगी तो न सिर्फ ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी बल्कि विकास की रफ्तार तेज होगी।
हॉकर्स जोन में पहुंचाएंगे ठेले
शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए संयुक्त प्रयासों की जरूरत है। पुलिस के साथ नगर निगम की भूमिका अधिक है। सबसे पहले ठेलों को हॉकर्स जोन में पहुंचाने का प्लान है। जनवरी में निगम के साथ मिलकर शहर के पांच हॉकर्स जोन में ठेले पहुंचा दिए जाएंगे।
अमित सांघी, पुलिस अधीक्षक
जल्द शुरू होगा सड़कों का निर्माण
शहर की सड़कों के निर्माण का कार्य जल्द प्रारंभ करेंगे। अमृत योजना के तहत खोदी गई सड़कों का संधारण कार्य पूरा कराने का काम लगातार किया जा रहा है। कोरोना काल में रोजी-रोटी के लिए लोगों की परेशानी देखकर हॉकर्स पर कड़ाई नहीं की थी, लेकिन उनकी संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
-संदीप माकिन, आयुक्त नगर निगम
स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाएं बढ़ाएंगे
शहर में अलग-अलग स्थानों पर 24 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल डिस्पेंसरी और संजीवनी क्लीनिक हैं। यहां ज्यादा से ज्यादा स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने पर जोर दिया जाएगा। निजी अस्पतालों की मनमानी को रोकने के लिए सतत निगरानी करेंगे। इसके लिए गाइडलाइन बनाई गई हैं।
-डाॅ. मनीष शर्मा, सीएमएचओ