Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुर19 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की प्रेसवार्ता
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
राम मंदिर निर्माण को लेकर अब समाज के हर व्यक्ति को मिलकर काम करना चाहिए। आरएसएस और विश्व हिन्दू परिषद के साथ भाजपा भी पूरी ताकत के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करेगी। भाजपा राजनैतिक दल होने के नाते राजनीति तो करती है, लेकिन सामाजिक भूमिका निभाने के लिए भी पीछे नहीं रहती।
हमारे कार्यकर्ताओं ने कोविड-19 में जिस तरह समाज सेवा के लिए काम किया वो पूरी दुनिया ने देखा, अब हमारा एक-एक कार्यकर्ता राममंदिर निर्माण के लिए गाँव-गाँव तक पहुँचकर लोगों को इस शुभ कार्य से जोड़कर जनसहयोग जुटाएँगे। ये बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पत्रवार्ता में कहीं। श्री शर्मा ने बताया कि उनके जबलपुर दौरे का उद्देश्य भी यही है, इसलिए उन्होंने कई बैठकों में केन्द्रीय नेतृत्व द्वारा तय किए गए निर्देशों की जानकारियाँ दी हैं।
भू-माफियाओं में कांग्रेस नेताओं के अवैध अतिक्रमण हटाने के सवाल पर कहा कांग्रेस सरकार के समय चुन-चुनकर कब्जे तोड़े गए थे, अब वही परम्परा उन्हें भारी पड़ रही है। पत्रकारवार्ता में युवा मोर्चा अध्यक्ष डॉ. अभिलाष पांडे, विनोद गोंटिया, नगर अध्यक्ष जीएस ठाकुर, ग्रामीण अध्यक्ष रानू तिवारी मौजूद रहे।
मंत्री पद में जबलपुर की उम्मीदें जरूर पूरी होंगी
शिवराज सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार में जबलपुर के विधायकों को माैका मिलने के सवाल पर श्री शर्मा ने कहा कि चिंता न करें मंत्री पद को लेकर जबलपुर की जो उम्मीद हैं, वो जरूर पूरी होंगी।
निकाय चुनाव में संगठन का निर्णय अंतिम होगा
नगरीय निकाय चुनाव में महापौर और पार्षदों की टिकट की दावेदारी को लेकर अभी से शुरू हुई खींचतान के सवाल पर श्री शर्मा ने कहा कि मंडल और बूथ पर कार्य करने वाला कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत है। इसलिए संगठन स्तर पर लिए जाने वाले निर्णय अंतिम और सर्वमान्य होंगे।
उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में ये प्रयास जरूर होगा कि जनप्रतिनिधि और विधायक टिकट के लिए दावेदारी न करें। प्रदेश कार्यकारिणी के गठन के संबंध में उन्होंने कहा कि दो दिन के भीतर कार्यकारिणी गठित करके सार्वजनिक कर दी जाएगी।
फरवरी के अंत तक होंगे निकाय के चुनाव
फरवरी के अंत या मार्च की शुरूआत में नगरीय निकाय के सारे चुनाव हो सकते हैं। इसलिए आप सभी से अपेक्षा है कि प्रत्याशी चयन के साथ चुनाव को लेकर सारी तैयारियाँ शुरू कर दी जाएँ। सूत्रों के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जनप्रतिनिधियों और पूर्व व वर्तमान विधायकों की बैठक में ये बातें कही हैं।
सूत्राें के अनुसार श्री शर्मा ने सीबीएसई और बोर्ड की परीक्षाएँ बढ़ने और प्रदेश सरकार द्वारा की जा रहीं भूमाफियाओं के खिलाफ कार्यवाहियों का हवाला देते हुए चुनाव होने की अप्रत्यक्ष घोषणा की है। चुनाव में महापौर प्रत्याशी के साथ पार्षदों के चयन को लेकर उन्होंने गुटबाजी और आपसी खींचतान के संबंध में सभी नेताओं को हिदायत भी दी है। उन्होंने किसी का नाम तो नहीं लिया, लेकिन हाल ही में हुईं कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए साफ कर दिया कि संगठन के निर्णय के खिलाफ जाने वालों से इस बार सख्ती से निपटा जाएगा।
संघ की बैठक में शामिल हुए
राम मंदिर निर्माण के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ उसके सभी अनुषांगिक संगठन समर्पण निधि और जनजागरण की योजना बना रहे हैं। इसी संबंध में उद्योगपति कैलाश गुप्ता के शास्त्री ब्रिज स्थित कार्यालय में महाकौशल-विन्ध और बुंदेलखंड संभाग के विधायक, मंत्री और सांसदों के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ केबिनेट मंत्री गोपाल भार्गव भी शामिल हुए।