IND VS AUS: बुमराह और सिराज पर नस्लीय टिप्पणियां की गई.(फोटो: AP)
जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने भारतीय टीम मैनेजमेंट से शिकायत की है कि उन्हें ऑस्ट्रेलियाई दर्शकों ने नस्ली टिप्पणियां की.
ऑस्ट्रेलियाई अखबार डेली टेलीग्राफ की मानें तो तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम के बाहर टीम इंडिया के अधिकारी, आईसीसी और स्टेडियम सुरक्षा अधिकारियों के साथ बातचीत करते दिखे. इस बातचीत के दौरान वहां जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज भी मौजूद थे.
दो दिनों से गालियां झेल रहे हैं सिराज और बुमराह!
खबर की मानें तो सिराज और बुमराह को पिछले दो दिनों से दर्शक गालियां दे रहे थे, जिसमें नस्लीय टिप्पणियां भी शामिल थी. तीसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने मैच अधिकारियों और सुरक्षा अधिकारियों से बात की. रहाणे ने बताया कि रैंडविक एंड पर बैठे एक दर्शक ने सिराज को गालियां दी जो कि फाइन लेग बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे थे.सिडनी में महज 10 हजार दर्शक ही इस मैच को देख रहे हैं और इसके बावजूद ऐसी हरकतें हो रही हैं. जसप्रीत बुमराह ने भी खेल का तीसरा दिन होने के बाद सुरक्षा अधिकारियों से बात की और सिराज ने भी ऐसा ही किया. दोनों अंपायर और मैच रेफरी डेविड बून ने भी भारतीय टीम मैनेजमेंट से इस मुद्दे पर बात की.
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर विवादों का दौर जारी
बता दें ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगातार विवाद देखने को मिल रहे हैं. मेलबर्न टेस्ट में भारत की जीत के बाद टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों पर बायो बबल प्रोटोकॉल तोड़ने का आरोप लगा. इस मामले में रोहित शर्मा, शुभमन गिल समेत पांच खिलाड़ियों पर सवाल किये गए. इसके बाद ब्रिसबेन क्वारंटीन नियमों को लेकर अब भी विवाद जारी है. खबरों के मुताबिक टीम इंडिया क्वारंटीन नियमों में छूट चाहती है, दूसरी ओर ब्रिसबेन की सरकार इसके लिए तैयार नहीं. अब सिडनी टेस्ट के तीसरे दिन नस्लीय टिप्पणियों के आरोप सामने आए हैं.