Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
मुरैना2 दिन पहले
- कॉपी लिंक
गर्ल्स स्कूल रोड से गुजरती भगवान श्रीराम की शोभायात्रा।
- राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह करने निकाली 2 किमी लंबी शोभायात्रा, हजारों लोग हुए शामिल
हाथों में धर्म ध्वज, आंखों में राम मंदिर का अरमान, जुबां पर एक ही नारा…राम मंदिर के वास्ते, खोल दो सब रास्ते के जयकारे लगाते हुए हजारों लोगों की शोभायात्रा रविवार को जब शहर के प्रमुख मार्गों, मुख्य बाजारों से गुजरी तो पूरा शहर राममय हो गया।
लोगों ने मकानों की छत से पुष्प वर्षा कर भव्य शोभायात्रा का स्वागत किया और रामभक्तों की टोलियां पूरे शहर में भगवा वस्त्र पहनकर घूमे। शहर में निकली भव्य शोभायात्रा से जगह-जगह ट्रैफिक जाम हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात था।
वहीं कई जगह ट्रैफिक को डायवर्ट भी करना पड़ा। यहां बता दें कि श्री राम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान समिति द्वारा धर्म जागरण के लिए शहर भगवान श्रीराम कर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल होने के लिए हिंदू संगठनों के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जीवाजी गंज स्थित रामजानकी मंदिर पर एकत्रित हुए। दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी रामदत्त शर्मा ने भगवान राम की उतारी। इसके बाद भगवान जय श्रीराम के जयघोष के साथ शोभायात्रा शुरू हुई।
शोभायात्रा के आगे अश्व पर सवार लोग धर्म ध्वजा लेकर चल रहे थे। वहीं भगवान श्रीराम की शोभायात्रा में चल रहीं झांकियां लोगों का प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहीं। रामदरबार की झांकी सबसे आगे चल रही थी। इसके बाद सिया-राम के विवाह की झांकी एवं भरत मिलाप की झांकी ने सभी मन मोह लिया। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम के जयघोष से पूरा शहर राममय हो गया।
वहीं शोभायात्रा जैसे-जैसे बाजार की ओर बढ़ी, तो लोग भी यात्रा में जुड़ते गए। गर्ल्स स्कूल रोड पर यात्रा में चल रहे लोगों की संख्या एक हजार से अधिक हो गई। दो किलोमीटर की लंबी लाइन लगने से गोपीनाथ की पुलिया, लोहिया बाजार, सदर बाजार, स्टेशन रोड पर जाम के हालात बने। यह देख ट्रैफिक पुलिस रूट बदलकर ई-रिक्शा व अन्या वाहनों के रूट डायवर्ट कर दिए।
कलश यात्रा में शामिल हुई 500 से अधिक महिलाएं व किशोरी, बालिकाएं
भगवान श्रीराम की शोभायात्रा में सबसे आगे महिलाएं व किशोरी बालिकाएं कलश लेकर चल रहीं थीं। कलश यात्रा में शामिल होने के लिए सभी महिलाएं पीले रंग की साड़ी पहनकर आईं थीं, वहीं किशोरी बालिकाएं सफेद वस्त्र पहनकर सिर पर कलश रखकर चल रहीं थीं। महिलाओं व किशोरी बालिकाओं को ड्रेस कोड शोभा यात्रा की शोभा बढ़ा रहा था।
यह लोग शोभायात्रा में शामिल हुए
शोभायात्रा में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष योगेशपाल गुप्ता, पूर्व मंत्री गिर्राज डंडोतिया, विष्व हिंदू परिषद के विभाग गौरक्षा प्रमुख बालकृष्ण शर्मा, जिला अभियान प्रमुख रमाकांत मिश्रा, नगर अभियान प्रमुख देवेंद्र राठौर, कमल शांडिल, सोनू परमार, प्रेमकांत शर्मा, अर्जुन तोमर, मधु डंडोतिया, केडी डंडोतिया, केशव सिंह तोमर, रामवीर कंषाना, एडवोकेट रामकुमार माहेश्वरी आदि शामिल रहे।
राम मंदिर बनाने मुरैना के समाजसेवी राजपूत ने दिया 2.51 लाख का चेक
अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनाने के लिए देशभर में जारी धन संग्रह अभियान के तहत मुरैना के समाजसेवी लोकेंद्र सिंह राजपूत ने 2.51 लाख रुपए का चेक भेंट किया। यहां बता दें कि राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक व वरिष्ठ भाजपा नेता लोकेंद्र सिंह राजपूत ने यह चेक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरि को उज्जैन जाकर भेंट किया। श्री राजपूत ने बताया कि अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बने, इसके लिए हर तबके का व्यक्ति सहयोग कर रहा है। ऐसे में हमारी भी जबावदेही मंदिर निर्माण के लिए राशि एकत्रित करने में होती है।