Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
शिवपुरी3 दिन पहले
- कॉपी लिंक
- पोहरी के गाजीगढ़ में सबसे ज्यादा 8 पक्षी मरे मिले, पिछोर में 2 व नरवर में एक कबूतर की जान गई
बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के दूसरे ही दिन रविवार को नीलकंठ सहित एक साथ 15 पक्षियों की मौत हो गई है। शिवपुरी शहर के बाद अब अंचल के पोहरी, पिछोर और नरवर में पक्षियों की मौत हो गई है। सबसे ज्यादा पोहरी में 8 पक्षियों का शव मिले हैं। जबकि पिछोर में दो कबूतर और नरवर में एक कबूतर की जान गई है। शिवपुरी रेलवे स्टेशन पर तीन कौवों की मौत हो गई। एक कौवे को स्टेशन पर कुत्ते ने खा लिया, जिससे उसको उल्टी व दस्त होने लगे।
पशुपालन विभाग के पास रविवार को कुल 15 पक्षियों की मौत की सूचना मिली है। पोहरी के गाजीगढ़ में एक नीलकंठ, एक कौवा और 6 कबूतरों की मौत हुई है। गाजीगढ़ में ठाकुरलाल के फार्म हाउस पर पक्षी मरे मिले। सूचना पर विभाग के डॉक्टर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पक्षियों के शव को जमीन में दफना दिया है। वहीं पिछोर में दो कबूतर, नरवर में एक कबूतर की मौत हुई है।
जबकि शिवपुरी रेलवे स्टेशन में तीन कौवों के शव मिले हैं। एक कौवे को स्टेशन पर जीआरपी थाने के पास घूम रहे कुत्ते ने खा लिया जिससे उसे उल्टी दस्त होने लगे। इसके अलावा कृष्णपुरम कॉलोनी शिवपुरी में छत पर कबूतर मरा मिला है।
नेशनल पार्क में प्रवासी पक्षियों का डेरा, निगरानी बढ़ाई
शहर से लगे नेशनल पार्क में मौजूद चांदपाठा झील में इन दिनों प्रवासी पक्षियों ने डेरा डाला हुआ है। नेशनल पार्क के साथ-साथ पशुपालन विभाग ने पक्षियों की निगरानी शुरू कर दी है। अभी तक नेशनल पार्क में पक्षियों की मौत की कोई सूचना नहीं है। हालांकि साेमवार को पशुपालन विभाग द्वारा पक्षियों की बीट के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजने की बात कह रहे हैं।
खनियांधाना में चिकन दुकानें बंद कराने मुनादी
6 जनवरी को कलेक्टर बंगला और उससे लगी नर्सरी में दो कौवे मृत मिले थे। दोनों की सैंपल रिपोर्ट 9 जनवरी को पॉजिटिव आई है। वहीं रविवार को खनियांधाना में चिकन की दुकानें बंद कराने नप ने मुनादी कराई।
बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पोल्ट्री फार्मों पर नजर
शनिवार को बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के साथ ही पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। मुर्गे-मुर्गियों में बर्ड फ्लू की संभावना को देखते हुए पोल्ट्री फार्मों पर विभाग ने डॉक्टरों की ड्यूटी लगाकर निगरानी रखना शुरू कर दी है।
जिले में साल 2015 में पोल्ट्री फार्मों में फैला था बर्ड फ्लू
शिवपुरी जिले में साल 2015 में बर्ड फ्लू फैला था। उस दौरान पोल्ट्री फार्मों में इसका असर देखा गया था। जबकि स्वच्छंद विचरण करने वाले पक्षियों में इसका असर ना के बराबर था। लेकिन इस बार कौवा, कबूतरा, चिड़िया आदि में बर्ड फ्लू का असर देखा जा रहा है। पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का फिलहाल कोई मामला सामने नहीं आया है।
सलाह: छतों पर दाना ना डालें, पेड़ों के नीचे ना जाएं
शहर में लोग घरों पर पक्षियों के लिए दाना डालना फिलहाल बंद कर दें। बर्ड फ्लू की स्थिति को देखते हुए छतों से सकोरे हटा लें। बच्चों को भी घरों की छतों पर ना जानें दें। यदि छत पर पक्षियों की बीट मिलती है तो सीधे हाथ से टच ना करें। उसे सेनिटाइज करें फिर सफाई करें। पेड़ों के नीचे भी पक्षियों की बीट रहती है, इसलिए पेड़ों के नीचे ना जाएं।
-डॉ. संजीव गौतम, पशु चिकित्सक, पशुपालन विभाग शिवपुरी
आज भोपाल भेजेंगे सैंपल
रविवार को शिवपुरी शहर सहित जिले भर में 15 पक्षियों की मौत की सूचना मिली है। सोमवार को चांदपाठा झील से प्रावासी पक्षियों की बीट के सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजेंगे। डॉक्टरों के माध्यम से जिले के सभी पोल्ट्री फार्मों की निगरानी बढ़ा दी है।
-डॉ. एमसी तमोरी, उप संचालक, पशुपालन विभाग जिला शिवपुरी
डीएफओ को निर्देश दिए
बर्ड फ्लू को लेकर वाइल्ड लाइफ से निर्देश मिले हैं। सभी डीएफओ की मीटिंग लेकर सतत निगरानी रखने को कहा है। नेशनल पार्क में सांख्य सागर झील और करैरा की दिहायला झील में प्रवासी पक्षी बड़ी संख्या में आए हैं। यहां स्टाफ के माध्यम से निगरानी कराई जा रही है।
-वायपी सिंह, सीसीएफ, वनवृत शिवपुरी