अनिता की डेढ़ साल पहले ही शादी हुई थी.
Gwalior News: आरोपी पति मिथुन शराब के नशे में पत्नी अनीता के साथ झगड़ा करता रहता था. घटना वाली रात उसने हैवानियत की इंतहा कर दी.
ग्वालियर का रहने वाला मिथुन बाल्मिकी मोहना के श्यामपुर गांव में एक फॉर्म हाउस में PIG सेंटर में काम करता है. मिथुन के साथ ही फार्म हाउस में उसकी पत्नी अनिता बाल्मिकी भी रहती थी. बीती रात मिथुन ग्वालियर आया जहां उसने शराब पी और मछली खरीदी. देर रात फार्म हाउस स्थित घर पहुंचा और पत्नी अनिता को मछली बनाने के लिए कहा. अनिता गर्भवती थी और उनकी तबीयत भी ठीक नहीं थी. उन्होंने खाने में मछली नहीं बनाई तो नाराज़ मिथुन ने अनिता की लोहे की रॉड से पिटाई शुरू कर दी. वह अनीता को तब तक मारता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गयी.
आरोपी पति गिरफ्तार
घटना के बाद आरोपी मिथुन मौके से फरार हो गया. फॉर्म पर काम करने वाले लोगों ने पुलिस को इसकी खबर दी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक अनीता के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया. मोहना थाना के सब इंस्पेक्टर JK पाठक ने बताया कि पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पति को दबोच लिया. पुलिस ने पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.
गर्भस्थ शिशु ने भी दम तोड़ा
आरोपी पति मिथुन की डेढ़ साल पहले अनीता से शादी हुई थी. शादी के बाद मिथुन श्यामपुर गांव के फार्म हाउस पर नौकरी करने लगा. पत्नी अनीता गर्भवती हुई तो मिथुन उसे अपने साथ फॉर्म हाउस पर ले गया. मिथुन शराब के नशे में अनीता के साथ झगड़ा करता रहता था, लेकिन बीती रात तो उसने अपनी पत्नी ही नहीं उसके पेट में पल रहे सात महीने के बच्चे की भी जान ले ली.