मोहम्मद सिराज ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था.
भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच 5 फरवरी से पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा. भारत (Team India) के पास इंग्लैंड के खिलाफ प्लेइंग इलेवन चुनने के कई विकल्प हैं. दूसरे तेज गेंदबाज के स्थान के लिए अनुभवी इशांत शर्मा ( Ishant Sharma) को युवा मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) से कड़ी टक्कर मिल रही है.
- Last Updated:
February 2, 2021, 7:22 PM IST
बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, ‘यह चेपक की पारंपरिक पिच की तरह है. इसमें इंग्लैंड जैसी विकेटों की झलक नहीं होगी. इस उमस भरे मौसम में आपको विकेट पर घास की जरूरत होती है जिससे कि यह आसानी से नहीं टूटे. इस विकेट से स्पिनरों को मदद मिलेगी जैसा कि हमेशा होता है.’
सभी की नजरें मुख्य कोच रवि शास्त्री, गेंदबाजी कोच भरत अरुण और कप्तान विराट कोहली की तिकड़ी पर टिकी होगी कि वह तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआई जसप्रीत बुमराह के जोड़ीदार के रूप में किसे चुनते हैं. इशांत ने पिछले लगभग एक साल से लाल गेंद का क्रिकेट नहीं खेला है, जबकि सिराज आस्ट्रेलिया दौरे पर शानदार फॉर्म में थे. उन्होंने ब्रिसबेन में एक पारी में पांच विकेट सहित तीन टेस्ट में कुल 13 विकेट चटकाए. इशांत ने हाल में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की है जहां उन्होंने चार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी मैचों में कुल 14.1 ओवर गेंदबाजी की. उम्मीद है कि गेंदबाजी कोच अरुण अगले दो दिन में इशांत और सिराज को लेकर फैसला करेंगे.
टीम मैनेजमेंट के लिए दूसरा फैसला थोड़ा और मुश्किल हो सकता है जहां फॉर्म में चल रहे वाशिंगटन सुंदर और बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल में से एक को सीनियर आफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव का साथ देने के लिए चुना जा सकता है. वाशिंगटन ने ब्रिसबेन में पदार्पण करते हुए अर्धशतक जड़ा और चार विकेट चटकाए लेकिन उनकी मौजूदगी से टीम में दो एक जैसे स्पिनर होंगे लेकिन उनके अनुभव में काफी अंतर होगा. अक्षर भी बल्लेबाजी में अपना दम दिखा सकते हैं जबकि वह रविंद्र जडेजा के समान विकल्प भी होंगे.इस बीच आलराउंडर हार्दिक पंड्या का पृथकवास बुधवार सुबह खत्म होगा और वह टीम के साथ ट्रेनिंग के लिए जुड़ेंगे. लंबे समय बाद टेस्ट टीम का हिस्सा बने पंड्या निजी काम के कारण एक दिन देर से टीम से जुड़े थे. पंड्या को भले ही पहले मैच में खेलने का मौका नहीं मिले लेकिन विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल और इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को देखते हुए उनके गेंदबाजी का बोझ बढ़ने की उम्मीद है.