- Hindi News
- Local
- Rajasthan
- Jaipur
- The 3 hour Demonstration Was Reduced To 30 Minutes, The Congress Returned After Being Disturbed By The Sun At Ajmer And Tonk Bypass In Jaipur
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जयपुर9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जयपुर-अजमेर बाइपास पर भांकरोटा चौराहे पर चक्का जाम के बाद वाहनों की लगी लंबी कतार।
किसान आंदोलन को समर्थन देने के लिए कांग्रेस ने आज जिस जोश-जुनून के साथ चक्काजाम का ऐलान किया था, उस जोश में वह सिर्फ आधे घंटे ही प्रदर्शन कर सके। जयपुर के प्रमुख एंट्री पॉइंट (बाईपास) पर चक्काजाम के लिए दोपहर 12 से 3 बजे तक प्रस्तावित 3 घंटे का ये प्रदर्शन केवल 30 मिनट में ही सिमट गया। जयपुर में अजमेर बाइपास स्थित भांकरोटा चौराहा और टोंक बाइपास स्थित कुम्भा मार्ग तिराहे पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जाम तो लगाया, लेकिन तेज धूप ने उनके हौसले पस्त कर दिए।
सांगानेर से विधानसभा प्रत्याशी रहे पुष्पेन्द्र भारद्वाज के नेतृत्व में इन दोनों जगहों पर ये चक्काजाम किया था। भांकरोटा चौराहे पर 4-5 ट्रैक्टर सड़क पर लगाकर बाईपास काे दोनों ओर से बंद करके कार्यकर्ता चौराहे पर ही धरना देकर बैठ गए। रास्ता बंद होने से जयपुर से अजमेर जाने वाला और अजमेर से जयपुर आने वाला मार्ग पर दोनों तरफ 3-4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मुख्य ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर के अलावा सर्विस रोड पर भी गाड़ियां फंस गई। करीब आधा घंटे तक रोड जाम रहने के बाद कार्यकर्ता हटे और रास्ता खुलवाया।

जयपुर में टोंक रोड पर कुम्भा मार्ग तिराहे पर प्रदर्शन करते कांग्रेस के कार्यकर्ता।
टोंक रोड पर नहीं दिखा व्यापक असर
भारद्वाज के समर्थन में ही एक प्रदर्शन टोंक रोड पर प्रताप नगर कुम्भा मार्ग तिराहे पर लगाया गया। लेकिन यहां बंद कोई खास व्यापक असर देखने को नहीं मिला। यहां जाम होने के बाद छोटे वाहनों का ट्रैफिक हल्दीघाटी मार्ग से डायवर्ट हो गया, जो अजय मार्ग, RUHS के सामने से होते हुए सीतापुरा होकर वापस टोंक रोड पर आकर मिल गया। हल्दीघाटी चौराहे से कुम्भा मार्ग चौराहे तक बड़े वाहन फंसे रहे। लेकिन, यहां भी प्रदर्शन 25-30 मिनट ही चला और खत्म हो गया।