Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
बुरहानपुर7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
- सलामती के लिए सुंदरकांड पाठ व दरगाहों पर चढ़ा रहे चादर
- 7 जनवरी 1989 को दुर्घटना में घायल हुए थे नंदकुमारसिंह चौहान तब भी रखा था गिरवी
सांसद नंदकुमारसिंह चौहान के स्वास्थ्य लाभ के लिए तरह-तरह के अनुष्ठान और पाठ कराए जा रहे हैं। उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए एक अनोखा प्रयोग किया गया है। कार्यकर्ताओं ने सांसद चौहान को मलकापुर के धूपेश्वर महादेव के पास गिरवी रखा है। 32 साल पहले भी उन्हें शाहपुर का विधायक रहते दुर्घटना में घायल होने पर धूपेश्वर महादेव के पास गिरवी रखा गया था। पिछले तीन दिन से पूरे लोकसभा क्षेत्र में सांसद के स्वास्थ्य लाभ के लिए हवन, पूजन, सुंदरकांड पाठ और दरगाहों पर चादर चढ़ाने का सिलसिला जारी है।
सैकड़ों कार्यकर्ता और उनके समर्थक मंदिर और दरगाहों पर प्रार्थना कर रहे हैं। जिले के वरिष्ठ कार्यकर्ता सतीश देशमुख और विनोद इंगले ने मलकापुर के धूपेश्वर महादेव से उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने सांसद नंदकुमारसिंह चौहान के स्वस्थ होने तक उन्हें यहां गिरवी रखा है। देशमुख और इंगले ने जानकारी देते हुए बताया कि सांसद स्वस्थ होंगे तो हम मन्नत उतारकर गिरवी से छुड़वा लेंगे। ऐसा दूसरी बार मौका आया है, जब सांसद को गिरवी रखा है।
जानें… यह था 7 जनवरी 1989 का मामला
इससे पहले 7 जनवरी 1989 को चिखली-घोड़सगांव के पास एक सड़क दुर्घटना में वे घायल हो गए थे। उस समय उन्हें पुणे के संचेती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए मलकापुर के धूपेश्वर महादेव मंदिर में गिरवी रखा गया था। जब सांसद चौहान ठीक होकर लौटे तो मन्नत उतारकर मंदिर से उन्हें छुड़वाया था। ऐसा ही इस बार भी किया जाएगा। उनक स्वस्थ होकर आने के बाद कार्यकर्ता उन्हें गिरवी से छुड़वाएंगे।