IND VS ENG: राहुल द्रविड़ की बात समझ लें ऋषभ पंत तो शतक लगाना बच्चों का खेल बन जाएगा!– News18 Hindi

IND VS ENG: राहुल द्रविड़ की बात समझ लें ऋषभ पंत तो शतक लगाना बच्चों का खेल बन जाएगा!– News18 Hindi


नई दिल्ली. चेन्नई टेस्ट की पहली पारी में टीम इंडिया के विकेटकीपर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने शानदार 91 रन बनाए. पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 40 गेंदों में अर्धशतक ठोका और उन्होंने इंग्लैंड के स्पिनर्स खासतौर पर जैक लीच पर हमला बोला. पंत की बल्लेबाजी तो आक्रामक रही लेकिन शतक के पास आते ही वो बेहद ही खराब शॉट खेलकर आउट हो गए. पंत ने डोम बेस की गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश की लेकिन वो जैक लीच को आसान कैच दे बैठे. पंत के इस तरह आउट होने पर चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि उन्हें हालात के मुताबिक खेलने की कोशिश करनी चाहिए. पंत आक्रामक बल्लेबाज हैं इसमें कोई दो राय नहीं कि वो उनका स्वभाविक खेल है लेकिन इस बल्लेबाज को राहुल द्रविड़ की एक बात जाननी जरूरी है जो उन्होंने हार्दिक पंड्या को बताई थी. पंत अगर राहुल द्रविड़ की उस सीख को समझ लें तो उनके लिए शतक बनाना बच्चों का खेल हो सकता है.

राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) की एक सलाह कई क्रिकेटरों का करियर बदल चुकी है और अगर पंत उनकी बात मानें तो वो भी एक अलग स्तर पर पहुंच सकते हैं. ऋषभ पंत की आक्रामक बल्लेबाजी उनका स्वभाविक खेल होता है लेकिन राहुल द्रविड़ की मानें तो ऐसा कुछ होता ही नहीं है. एक इंटरव्यू में हार्दिक पंड्या ने बताया था कि राहुल द्रविड़ ने उन्हें कहा था कि स्वभाविक खेल जैसा कुछ होता ही नहीं है. हार्दिक ने बताया था, ‘द्रविड़ सर ने बताया था कि अगर आपको बेहतर क्रिकेटर बनना है तो हालात के मुताबिक खेलना आना चाहिए. जरा सोचिए अगर आपकी टीम के 5 विकेट 50 रन पर गिरे हुए हैं और आप छक्का मारने की कोशिश करेंगे और कहेंगे कि ये मेरे खेलने का अंदाज है तो ये मूर्खता होगी. क्रिकेट में हालात के मुताबिक खेलना होता है.’

IND vs ENG: भारत ने 69 साल पहले 10 फरवरी को जीता था पहला टेस्ट, चेन्नई में इंग्लैंड को हराया था

India vs England: विराट कोहली का फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय, पिछली 31 पारियों से नहीं लगा पाए शतक

पंत चौथी बार टेस्ट शतक से चूके

बता दें चेन्नई में 91 रन पर आउट होते ही पंत टेस्ट मैच में चौथी बार शतक लगाने से चूके. चेन्नई टेस्ट में पंत शतक से ही नहीं चूके बल्कि उनके आउट होने से टीम को काफी नुकसान हुआ. पंत से कुछ देर पहले ही पुजारा का विकेट गिरा था लेकिन इसके बावजूद इस बल्लेबाज ने जोखिम भरा शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया. पंत को जल्द से जल्द द्रविड़ की इस सीख को समझना होगा और उसे मुताबिक खेल को ढालना होगा. नहीं तो टीम को जिताने वाला ये बल्लेबाज कई मैचों में हार का गुनहगार भी बन सकता है.





Source link