विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान ने इससे पहले अपने करियर का पहला नाबाद शतक जड़ा और नौमान अली के साथ नौवें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी की जिससे पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 298 रन बनाकर साउथ अफ्रीका को 370 रन का लक्ष्य दिया. रिजवान ने 204 गेंद में 15 चौकों की मदद से नाबाद 115 रन बनाए. साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 201 रन बनाए थे जबकि पाकिस्तान ने 272 रन का स्कोर खड़ा किया था.
मार्कराम-डुसेन की बेहतरीन बल्लेबाजी
लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही और उसने डीन एल्गर (17) का विकेट गंवाकर चाय तक एक विकेट पर 37 रन बनाए. एल्गर ने तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमाया. मार्कराम और वान डेर डुसेन ने अंतिम सत्र में स्पिनर नौमान और पाकिस्तान के दो तेज गेंदबाजों हसन अली और फहीम अशरफ को निशाना बनाते हुए उनके खिलाफ 17 चौके मारे. मार्कराम ने खाता खोलने के लिए 22 गेंद ली लेकिन लय में आने के बाद खुलकर शॉट खेले. उन्होंने खाता खोलने के बाद अगली 49 गेंद में आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से अर्धशतक पूरा किया. वान डेर डुसेन ने भी अच्छे ड्राइव और पुल शॉट मारे और अपनी पारी में अब तक आठ चौके जड़ चुके हैं.
शोएब अख्तर ने उठाए पाकिस्तान की गेंदबाजी पर सवाल
दूसरी पारी में पाकिस्तान की गेंदबाजी देख शोएब अख्तर को काफी निराशा हुई. एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के गेंदबाज और फील्डिंग टी20 क्रिकेट की तरह लग रही है. उन्होंने पाक टीम को आगाह किया कि अगर सुबह के सत्र में पाकिस्तान ने 2-3 विकेट नहीं लिये तो साउथ अफ्रीका ये टेस्ट मैच जीत सकता है.
रिजवान का बेहतरीन शतक
इससे पहले पाकिस्तान ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 129 रन से की और उस समय उसकी बढ़त 200 रन की थी. रिजवान को निचले क्रम से अच्छा सहयोग मिला जिसमें साउथ अफ्रीका के खराब क्षेत्ररक्षण का भी योगदान रहा. यासिर शाह ने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 23 रन की पारी खेली. उन्होंने जॉर्ज लिंडे की गेंद पर आउट होने से पहले रिजवान के साथ 53 रन जोड़े. नौमान ने इसके बाद 25 ओवर तक साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों को परेशान किया. नौमान ने 78 गेंद में 45 रन की पारी खेलने के अलावा रिजवान के साथ रिकॉर्ड 97 रन की साझेदारी की. नौमान ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के मारे. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तान की ओर से नौवें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड इससे पहले अजहर महमूद और शोएब अख्तर के नाम था जिन्होंने 1998 में डरबन में 80 रन की साझेदारी की थी.
दोहरा शतक ठोकने के बाद जो रूट ने एक हाथ से लपका हैरतअंगेज कैच, Video वायरल
रिजवान ने लंच से पहले 113 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर लिंडे की गेंद पर एक रन के साथ 185 गेंद में शतक बनाया. रिजवान ने दिन की शुरुआत तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्खिया की पहली गेंद पर कवर ड्राइव पर चौके के साथ की. उन्होंन स्पिनरों के खिलाफ कदमों का अच्छा इस्तेमाल करते हुए स्वीप और ड्राइव खेले. पहले टेस्ट में 34 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले नौमान कागिसो रबादा (34 रन पर दो विकेट) की गेंद पर मिडविकेट पर कैच दे बैठे जिससे अपने पहले अर्धशतक से चूक गए. अपना तीसरा टेस्ट खेल रहे बायें हाथ के स्पिनर जॉर्ज लिंडे ने 64 रन देकर पांच विकेट चटकाए जबकि केशव महाराज ने 118 रन देकर तीन विकेट हासिल किए.