IND vs END: ‘स्विंग किंग’ जेम्स एंडरसन ने एक ही स्पेल में खत्म कर दिया टीम इंडिया का खेल– News18 Hindi

IND vs END: ‘स्विंग किंग’ जेम्स एंडरसन ने एक ही स्पेल में खत्म कर दिया टीम इंडिया का खेल– News18 Hindi


नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच खेला जा रहा पहला टेस्ट मैच अब आखिरी पड़ाव पर है. इंग्लैंड जीत के बेहद करीब है. कोई चमत्कार ही भारत को हार से बचा सकता है. इंग्लैंड को जीत के करीब पहुंचाने में यूं तो कई खिलाड़ियों की भूमिका है. जो रूट (Joe Root) का दोहरा शतक बरसों याद रहने वाला है. जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने इस मैच में रिवर्स स्विंग का जो जादू दिखाया, वह क्रिकेटप्रेमी शायद ही भूल पाएंगे. उन्होंने मैच के पांचवें दिन अपने एक ही स्पेल में शुभमन गिल (Shubman Gill), अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) और ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को चलता कर भारतीय टीम की कमर तोड़ दी.

इंग्लैंड ने भारतीय टीम (Team India) को पहला टेस्ट मैच जीतने के लिए 420 रन का लक्ष्य दिया है. भारत ने इसके जवाब में चौथे दिन एक विकेट पर 39 रन बना लिए थे. उसने दूसरे दिन इस स्कोर से आगे खेलते हुए अपना स्कोर 2 विकेट पर 92 रन तक पहुंचा लिया. यही वो वक्त था जब इंग्लिश कप्तान जो रूट ने एंडरसन की ओर गेंद उछाली. जिमी जैसे इसी इंतजार में थे और उन्होंने दिन के अपने पहले ही ओवर में कहर बरपा दिया.

जेम्स एंडरसन ने दिन के अपने पहले ओवर में दो विकेट झटके. उन्होंने ओवर की दूसरी गेंद पर शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड कर दिया, जो अर्धशतक बनाकर खेल रहे थे. गिल को एंडरसन के रिवर्स स्विंग का अंदाजा भी नहीं लगा और जब तक वे गेंद तक पहुंचने की कोशिश करते, तब तक गिल्लियां हवा में लहरा चुकी थीं.

जेम्स एंडरसन ने इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर अजिंक्य रहाणे का डंडा उड़ा दिया. रहाणे इस गेंद को खेलने के लिए आगे तो आए, लेकिन रिसर्व स्विंग का डर उनके मन में पहले से ही था. एंडरसन ने एक गेंद पहले ही एलबीडल्यू की तगड़ी अपील की थी, लेकिन तब रहाणे अंपायर्स कॉल की वजह से आउट होने से बच गए थे. शायद यही डर रहाणे के मन में था और वे अगली गेंद को एक्रॉस खेल गए. इससे बैट और पैड के बीच लंबा गैप बना और गेंद आसानी से निकलकर स्टंप से जा टकराई.

यह भी पढ़ें: IND VS ENG: रविचंद्रन अश्विन ने चेन्नई टेस्ट में इस्तेमाल हो रही गेंद पर उठाया सवाल, कहा-ऐसा कभी नहीं देखा

38 साल के एंडरसन के लिए जैसे यह दोहरी कामयाबी काफी ना रही हो. उन्होंने विराट कोहली और ऋषभ पंत को परेशान करना जारी रखा. उन्हें इसका इनाम भी मिला और पंत इस इंग्लिश गेंदबाज के स्लोअर पर चकमा खा गए और सामने कैच दे बैठे. इस तरह एंडरसन ने पांचवें दिन अपने पहले स्पेल में 4 ओवर की गेंदबाजी कर भारत को 3 झटके दिए. इससे तय हो गया कि जीत अब भारतीय टीम के ख्वाब से भी दूर हो गई है. टीम इंडिया अधिकतम ड्रॉ की कोशिश कर सकती है और वह भी उसे किसी चमत्कारिक प्रदर्शन से हासिल हो सकता है.





Source link