क्रेशर बस्ती में युवक की हत्या: घर से 50 मीटर दूर सिर पर धारदार हथियार व पत्थर से पटक कर हत्या; रोते हुए पिता बोला, मेरी गोद में मेरे लाल ने तोड़ दिया दम

क्रेशर बस्ती में युवक की हत्या: घर से 50 मीटर दूर सिर पर धारदार हथियार व पत्थर से पटक कर हत्या; रोते हुए पिता बोला, मेरी गोद में मेरे लाल ने तोड़ दिया दम


Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

जबलपुर2 घंटे पहले

मेडिकल स्थित मरचुरी में बेटे अजय के शव के पास खड़ा पिता सरवन बैरागी।

  • तिलवारा थाना क्षेत्र के क्रेशर बस्ती में बुधवार देर रात की घटना, आरोपी अज्ञात
  • कारपेंटर का काम करता था युवक, रात 8.30 बजे काम से लौटा था घर, टिफिन रखकर निकला तो फिर मौत की ही सूचना आई

जिले में 24 घंटे के अंदर दो युवकों की हत्या हुई। संजीवनी नगर के बाद देर रात तिलवारा क्षेत्र की क्रेशर बस्ती में 22 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। घर से 50 मीटर की दूरी पर बदमाशों ने उसके सिर पर धारदार हथियार व पत्थर से पटक कर हत्या कर दी। पिता ने रोते हुए पुलिस को बताया, बेटे के साथ मारपीट की सूचना पर पहुंचा तो वह खून से लथपथ पड़ा था। ऑटो से अस्पताल ले जा रहा था। रोते हुए बोला मेरी गोद में मेरे लाल ने दम तोड़ दिया। तिलवारा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर प्रकरण जांच में लिया है।
घर में टिफिन रखकर निकला तो फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार तिलवारा क्रेशर निवासी अजय बैरागी (23) कारपेंटर का काम करता है। पिता सरवन दास बैरागी घर में ही किराने की छोटी सी दुकान चलाते है। पिता सरवन के मुताबिक बेटा सुबह काम पर चला गया था। रात में 8.30 बजे वह काम से लाैटा था। घर में टिफिन रखकर वह दोस्तों के साथ निकल गया था। रात 10.30 बजे के लगभग दो लोग उसके घर दौड़कर आए, बोले कि अजय सामने खून से लथपथ पड़ा है।

क्रेशर बस्ती निवासी अजय बैरागी की जीवित अवस्था की फोटो।

घर से 50 मीटर दूर पड़ा था अजय
तिलवारा टीआई के मुताबिक अजय बैरागी घायल हालत में 50 मीटर दूर मिला था। पिता सरवन उसे ऑटो से लेकर मेडिकल पहुंचा, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मेडिकल से सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक खून से सना पत्थर और एक चाकूनुमा मुड़ा हुआ धारदार हथियार जब्त किया। मौके पर एफएसएल की टीम भी पहुंची थी। अजय के सिर पर धारदार हथियार से और सिर व चेहरे पर पत्थर से वार कर हत्या की गई है।
बस्ती से ही जुड़े हैं हत्यारों के तार
पुलिस ने अजय का मोबाइल जब्त कर लिया है। क्रेशर बस्ती घनी बसाहट वाली है। घर से 50 मीटर पर अजय की हत्या कर दी गई। बावजूद किसी ने हत्यारे को नहीं देखा। ये पुलिस को समझ में नहीं आ रहा है। मारपीट पर शोर-शाराबा और चीख तो निकली होगी। बावजूद किसी ने हत्यारों को कैसे नहीं देखा। पुलिस इसका जवाब ढूंढने में जुटी है। टीआई तिलवारा सतीष पटेल के मुताबिक हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। हत्यारे क्रेशर बस्ती से और अजय को करीब से जानने वाले ही हैं।
सबसे छोटा बेटा था अजय
पिता सरवन दास ने मरचुरी में रोते हुए बताया कि उनके दो बेटों व दो बेटियों में अजय सबसे छोटा था। बेटियों की शादी हाे चुकी है। बड़े बेटे की भी शादी हो चुकी है। अजय की शादी के लिए रिश्ते आ रहे थे। मुझे क्या पता कि मेरा लाल मुझे ऐसे छोड़ जाएगा। बेटे अजय की मौत से मां सीताबाई का भी रो-रो कर बुरा हाल था। पीएम हाउस पर क्रेशर बस्ती के कई दोस्त पहुंचे थे। वो भी उसकी हत्या के कारण को लेकर कुछ नहीं बता पा रहे हैं।

मेडिकल स्थित मरचुरी में पंचनामा की कार्रवाई करती तिलवारा पुलिस।

मेडिकल स्थित मरचुरी में पंचनामा की कार्रवाई करती तिलवारा पुलिस।

शहर में 24 घंटे में दो हत्या से सनसनी
शहर में 24 घंटे में दो हत्याओं से सनसनी फैल गई है। संजीवनी नगर क्षेत्र में पहले 17 वर्षीय राहुल कोरी की गले, सिर व चेहरे पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। अब तिलवारा में अजय की घर से 50 मीटर की दूरी पर धारदार हथियार व पत्थर पटक कर हत्या कर दी गई। संजीवनी नगर मामले में जहां पुलिस संदेहियों को चिन्हित कर चुकी है। वहीं तिलवारा के प्रकरण में अभी आरोपी अज्ञात हैं। पुलिस अजय के मोबाइल सीडीआर की मदद से आरोपियों तक पहुंचने की जुगत में है। उसके कुछ करीबी दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



Source link