IND VS ENG: अजिंक्य रहाणे बोले- पहले टेस्ट की हार भूल गई है टीम इंडिया, अब सीरीज जीतने पर ध्यान– News18 Hindi

IND VS ENG: अजिंक्य रहाणे बोले- पहले टेस्ट की हार भूल गई है टीम इंडिया, अब सीरीज जीतने पर ध्यान– News18 Hindi


नई दिल्ली. वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की कोशिश कर रही भारतीय टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) को उम्मीद है कि इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार से चेन्नई में खेले जाने वाले दूसरे मैच ((India vs England)) में चेपॉक मैदान की पिच पहले दिन से ही स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार होगी. भारतीय टीम चार मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 227 रन से हार गयी थी. उस मैच में खेल के पहले दो दिनों तक गेंदबाजों को सपाट पिच से कोई मदद नहीं मिली थी लेकिन शनिवार से शुरू होने वाले मैच की पिच पर घास और नमी बहुत कम है जिससे स्पिनरों को मदद मिलने की संभावना है.

रहाणे ने मैच पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘ हां, पिच पूरी तरह से अलग दिख रही है. मुझे यकीन है कि यह पहले दिन से स्पिनरों के लिए मददगार होगा लेकिन जैसा कि मैंने शुरूआती टेस्ट मैच से पहले कहा था, आपको इंतजार करना होगा और देखना होगा कि पहले सत्र में यह कैसे रहता है.’ उन्होंने कहा, ‘ लेकिन हमें पहले टेस्ट को भूलना होगा. हम इन परिस्थितियों को अच्छी तरह से जानते हैं और हमें शनिवार को अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेलना होगा.’ उन्होंने कहा, ‘ हमारे लिए अच्छी बात यह है कि अक्षर (पटेल) फिट है लेकिन मैं आपको अभी नहीं बता सकता कि अंतिम 11 में कौन होगा. हमारे सभी स्पिनर अच्छे है और जिसे भी मौका मिलेगा वह अच्छा करेगा.’

रहाणे ने किया स्पिनरों का बचाव

रहाणे ने पहले टेस्ट मैच के दौरान स्पिनरों के प्रदर्शन का बचाव करते हुए कहा कि उनकी पहली पारी के प्रदर्शन को लेकर टीम चिंतित नहीं है. उन्होंने कहा, ‘ अगर आप पहले दो दिनों के खेल के देखेंगे तो पिच से स्पिनरों और तेज गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिल रही थी. हमने 190 ओवर गेंदबाजी की और उनके 578 रन को देखकर कहा जा सकता है कि हमने अच्छी गेंदबाजी की.’ उन्होंने कहा, ‘उस पिच से कोई मदद नहीं मिल रही थी. अगर आप दूसरी पारी को देखेगें तो हमारे सभी स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की खासकर अश्विन ने.

वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंचने और सीरीज में बने रहने के लिए टीम इंडिया को कुछ खास करना होगा

नो बॉल की समस्या गंभीर, काम जारी-रहाणे

पहले टेस्ट में 27 नो बॉल और ऑस्ट्रेलिया दौरे से अभी तक 31 कैच छूटने के बारे में पूछे जाने पर भारतीय उपकप्तान ने कहा कि इस पर सुधार के लिए काम जारी है. उन्होंने कहा, ‘ हम वास्तव में उन चीजों पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं जो हमारे नियंत्रण में हैं. भारत में, बल्लेबाज के करीब फील्डर के लिए कैच पकड़ना वास्तव में महत्वपूर्ण है और कभी-कभी ऐसी चीजें (कैच छूटना) होती हैं. कोई भी इसे जानबूझकर नहीं करता है, यह सब आपके भरोसे के बारे में है.’ उन्होंने कहा, ‘ नो बॉल से हम सभी निराश है और गेंदबाज इस पर काम कर रहे है.’





Source link