Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर29 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
आरटीओ की वेबसाइट पर वीआईपी नंबर दर्ज हैं।
वाहनों के वीआइपी नंबरों के शौकीनों के लिए इनकी नीलामी सोमवार से फिर से शुरू हो रही है, जो 21 फरवरी तक चलेगी। इस बार कार नंबरों की नई सीरीज खुलने से सभी की नजर रहेगी। इनमें से भी 0001 नंबर पर सबसे ज्यादा बोली लगने की उम्मीद की जा रही है। इससे पहले यह नंबर 13 लाख रुपए से अधिक में बिक चुका है। 9999 नंबर के भी शौकीनों की कमी नहीं है।
इंदौर आरटीओ में 40 हजार से अधिक वीआइपी नंबर खाली पड़े हैं। लोग प्रमुख नंबरों को ले लेते हैं, शेष वीआइपी नंबर खाली पड़े रहते हैं। अधिकारी इन नंबरों को सामान्य रुप से देने को लेकर कई बार परिवहन मुख्यालय को भेज चुके हैं, लेकिन अब तक इस पर निर्णय नहीं हो पाया है।
प्रदेशभर में वाहनों के वीआइपी नंबरों की नीलामी ऑनलाइन की जाती है। इंदौर में कार के 0001 नंबर को लेकर प्रतिस्पर्धा रहती है। पूर्व में यह नंबर 13 लाख रुपए में बिक चुका है। इस बार कार के नंबरों की नई सीरीज डब्लूएच के वीआइपी नंबर आएंगे, जिसमें 0001, 0007, 0009 नंबर को लेकर रोचक मुकाबला रहेगा। नीलामी 15 फरवरी से लेकर 21 फरवरी तक चलेगी। बेस प्राइज भर कर आवेदक इसमें शामिल हो सकेगा।
सबसे अधिक बोली लगाने वाले को नंबर मिल जाएगा। एआरटीओ अर्चना मिश्रा के अनुसार वैसे तो यह नीलामी सभी श्रेणी के वाहनों के लिए होती है, लेकिन कार के नंबरों के लिए लोग काफी उत्सुक रहते हैं। इसके अलावा, दो पहिया वाहनों के नंबर के लिए भी आवेदक बोली लगाते हैं। प्रदेश भर में सबसे अधिक नंबर इंदौर में ही बिकते हैं।