जबरदस्त फॉर्म में हैं पंत
ऑस्ट्रेलियाई दौरे से ही पंत जबरदस्त फॉर्म में हैं. सिडनी टेस्ट में पंत ने चौथी पारी में87 रनों की पारी खेली थी जिसकी बदौलत भारत यह टेस्ट ड्रॉ कराने में सफल रहा. इसके बाद ब्रिसबेन टेस्ट की चौथी पारी में पंत के नाबाद 89 रनों की पारी की बदौलत भारत ऐतिहासिक जीत हासिल करने में सफल रहा. इंंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट में भी पंत ने 91 रनों की पारी खेली थी. पंत ने लगातार चौथे टेस्ट में अर्धशतक लगाया है.
भारतीय पारी 329 रनों पर सिमटी
दूसरे दिन भारत के आखिरी चार बल्लेबाज सिर्फ 29 रन ही बटोर सके. मैच के दूसरे ओवर में ही मोईन अली ने कल के नाबाद बल्लेबाज अक्षर पटेल को स्टंप कराया. पटेल के बाद उतरे इशांत शर्मा सिर्फ दो गेंदों का ही सामना कर सके. अली की ललचाती हुई फुलटॉस गेंद पर आसान सा कैच दे बैठे. उनके बाद उतरे कुलदीप यादव ने 15 गेंदों का सामना किया लेकिन खाता खोलने में असफल रहे. यादव को ओली स्टोन ने आउट किया. मोहम्मद सिराज ने पहली ही गेंद पर ओली स्टोन को चौका लगाया लेकिन दूसरी गेंद पर वह विकेट के पीछे बेन फोक्स को कैच दे बैठे.