मुरैना के बाद अब छतरपुर में जहरीली शराब से मौत ने तांडव किया. विपक्ष ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने सीधे सीएम शिवराज पर हमला बोला. उन्होंने कहा सीएम शिवराज सिंह चौहान एक साल के अंदर माफिया के बारे में 500 बार बयान दे चुके हैं.लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हो रही. प्रदेश में फिर से बीजेपी के सत्ता में आने के बाद से अपहरण माफिया सक्रिय हो गया है. उदयपुरा के विधायक के बेटे को अपहरण करने की धमकी मिल रही है. प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा को जान से मारने की धमकी दी जा रही है. जब VVIP लोगों का ये हाल है तो आम जनता की क्या स्थिति होगी. प्रदेश में माफिया हावी है.
नरोत्तम मिश्रा पर कमेंट
जीतू पटवारी ने उसके बाद प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को निशाने पर लिया. उनके नियमित पीसी लेने पर जीतू पटवारी ने कहा गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को तीन पत्रकार घेर कर रखते हैं. यही पत्रकार मिश्रा को मीडिया में बोलने का मंत्र सिखाते रहते हैं.नरोत्तम मिश्रा चलते-फिरते ब्यूटी पार्लर हैं.उन्होंने यह भी कहा कि गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा फिल्मी बहन कंगना की रक्षा करने में पूरी फौज लगा देते हैं. लेकिन प्रदेश की बेटियों को दरिंदे से नहीं बचा पाते.
https://www.youtube.com/watch?v=PZND5J1D7jA
रोज 137 महिलाओं के साथ अपराध
पटवारी ने ये भी कहा कि जब से बीजेपी फिर से सत्ता में आयी है तब से प्रतिदिन 137 महिलाओं के साथ कुछ न कुछ वारदात हुई है. लेकिन प्रदेश के गृहमंत्री नियमित दो घण्टा खुद को संवारने में खर्च कर देते हैं. एमपी को भाजपा के गुंडों से खतरा है. पटवारी ने कहा कि वीडी शर्मा के एक साल के कार्यकाल पर शिवराज बधाई देते हैं, लेकिन जहरीली शराब पर सीएम की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है.