IND VS ENG: आर अश्विन के शतक के बाद मोहम्मद सिराज ने मनाया जबर्दस्त जश्न, Video वायरल– News18 Hindi

IND VS ENG: आर अश्विन के शतक के बाद मोहम्मद सिराज ने मनाया जबर्दस्त जश्न, Video वायरल– News18 Hindi


नई दिल्ली. चेन्नई में भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में आर अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया. तमिलनाडु के इस खिलाड़ी ने चेपॉक की स्पिन फ्रेंडली विकेट पर 148 गेंदों में 106 रन बनाए. अश्विन ने जबर्दस्त बल्लेबाजी करते हुए टेस्ट क्रिकेट में अपना पांचवां शतक ठोका. अश्विन के इस शतक में मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) का भी बड़ा योगदान रहा. मोहम्मद सिराज ने अश्विन के साथ आखिरी विकेट के लिए 49 रनों की साझेदारी की और इसी वजह से वो अपने शतक तक पहुंच सके.

इंग्लैंड के खिलाफ शतक ठोकने के बाद आर अश्विन तो खुश थे ही लेकिन जिस तरह का जश्न मोहम्मद सिराज ने मनाया उसने सभी को इस तेज गेंदबाज का मुरीद बना दिया है. अश्विन के शतक के लिए मोहम्मद सिराज बेहद खुश दिखाई दिये जिसके बाद उन्हें फैंस एक सच्चा टीम प्लेयर बता रहे हैं.

अश्विन का शतक, सिराज का जश्न वायरल

अश्विन जब 99 रन पर थे तो उन्होंने मोइन अली की गेंद पर आगे बढ़कर शॉट खेला. गेंद बल्ले का बाहरी किनारा लेकर स्लिप के ऊपर से गई और अश्विन को चार रन मिले. अश्विन के इस शॉट के तुरंत बाद ही मोहम्मद सिराज के चेहरे पर ऐसी खुशी देखी गई जैसे कि शतक उन्होंने लगाया हो. मोहम्मद सिराज का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.

IND VS ENG: आर अश्विन ने चेन्नई टेस्ट की दूसरी पारी में जड़ा शतक, बना डाला ये रिकॉर्ड

पहले भी दिल जीत चुके हैं मोहम्मद सिराज


ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी मोहम्मद सिराज ने अपनी खेल भावना से सभी का दिल जीता था. प्रैक्टिस मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह ने एक शॉट खेला था और गेंद सीधे कैमरन ग्रीन के सिर पर लग गई थी जिसके बाद सिराज रन लेने की बजाए सीधे उनकी ओर भागे थे. इस घटना के बाद सिराज को सभी ने सलाम किया था.





Source link