- Hindi News
- Local
- Mp
- Indore
- More Goods Come From Trucks In Indore, So Transport Of Iron And Vegetables From Grocery To Freight Will Be Different Here
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर16 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सांकेतिक फोटो
- दिवाली से अब तक 10 रु. महंगा
दिवाली से लेकर अब तक करीब चार माह में डीजल के दाम 10 रुपए प्रति लीटर बढ़ गए हैं। यह 78 रुपए से 88 रुपए के करीब आ गया है। इसका सीधा असर अब किराना, सीमेंट से लेकर लोहे पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्टर ने साफ कर दिया है कि माल भाड़े में 15 फीसदी की बढ़ोतरी करेंगे। यानी जो चीजें सबसे ज्यादा इससे प्रभावित होंगी उनके दाम भी बढ़ेंगे।
इंदौर में इसका खासा असर होगा, क्योंकि यह मुख्य तौर पर खपत वाला शहर है। यहां पर महाराष्ट्र, यूपी, दक्षिण भारत से मुख्य तौर पर माल आता है। इंदौर में खाद्य सामग्री में दाल, तेल का ही उत्पादन होता है। बाकी माल ट्रकों के जरिए बाहर से ही आता है।
अहिल्या चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष रमेश खंडेलवाल ने कहा कि आने वाले दिनों में जैसे ही माल परिवहन भाड़ा बढ़ेगा, कीमतें भी बढ़ जाएंगी। वहीं इंदौर ट्रक ऑपरेटर एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सीएल मुकाती ने तो अपने सदस्यों को यहां तक बोल दिया है कि वह 30 फीसदी अधिक माल भाड़े पर ही परिवहन की बुकिंग करें।
माल भाड़ा
ट्रक माल परिवहन की लागत में 65% हिस्सा डीजल का होता है। डीजल के दाम लगातार बढ़ने से ट्रक संचालक अब 15 फीसदी तक माल भाड़ा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यह लागत सीधे माल की कीमत में जुड़ जाती है।
बिजली
मप्र में मुख्य तौर पर कोयले से बिजली बनती है। कोयले के परिवहन में डीजल की कीमत का बड़ा हिस्सा होता है। इससे उत्पादन लागत बढ़ेगी, जिसका असर बिजली की कीमत पर होगा। इससे इंडस्ट्री के भी माल की कीमत बढ़ेगी।
रियल एस्टेट
सीमेंट, सरिया से लेकर टाइल्स व अन्य सभी आइटम इंदौर में बाहर से आते हैं। इनमें माल परिवहन का हिस्सा अहम है। इससे रियल एस्टेट में 10% तक कीमत बढ़ सकती है। यानी 1 करोड़ के प्रोजेक्ट की कीमत 1.10 करोड़ हो जाएगी।
सब्जी मंडी
किसान फल-सब्जी बेचने के लिए मंडी आते हैं। थोक में कीमतें बहुत कम होती हैं। कई बार जब सब्जियां नहीं बिकती तो किसान मंडी में ही फेंककर चले जाते हैं, क्योंकि बची हुई सब्जी को वापस ले जाना महंगा पड़ता है।
ट्रांसपोर्टर्स : कीमतें घटाने 14 दिन का नोटिस
आल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के वेस्ट जोन के उपाध्यक्ष विजय कालरा ने बताया कि हमने महाबैठक कर डीजल की कीमत घटाने, जीएसटी नियम सरल करने आदि की मांगों को लेकर सरकार को नोटिस भेजा है। निर्णय लेने के लिए 14 दिन का समय दिया है। यदि सरकार ने कोई राहत नहीं दी तो हम अनिश्चितकालीन परिवहन बंद करने को लेकर फैसला करेंगे।
आज परिवहन से जुड़े संगठन दामों पर लेंगे निर्णय
मुकाती ने बताया कि बुधवार को मप्र ऑनर एसोसिएशन, प्राइम रूट बस ऑनर एसो. इंदौर संभाग बस ऑनर एसो., टूरिस्ट बस ऑनर एसो. सिटी वैन मैजिक यूनियन, इंदौर ऑटो-रिक्शा चालक महासंघ, इंदौर बैटरी ऑटो रिक्शा महासंघ, स्कूल बस चालक परिचालक महासंघ, इंदौर कार टैक्सी ऑनर महासंघ, देवास नाका ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसो., एसोसिएशन ऑफ पार्सल एंड फ्लैट ऑनर की बैठक बुलाई है। इसमें परिवहन के दाम बढ़ाने पर निर्णय लेंगे।