नई दिल्ली: चेन्नई में खत्म हुए दूसरे टेस्ट में इंग्लैंड को भारत ने 317 रनों के बड़े अंतर से हराया था. इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 1-1 से बराबर कर लिया है. इसी बीच पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में भी टीम इंडिया की जीत का डंका बज रहा है. पूर्व पाकिस्तानी तेज गेंदबाज शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने भविष्यवाणी की है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल टीम इंडिया जरूर खेलेगी और वो इंग्लैंड को टेस्ट सीरीज में 3-1 से मात देगी.
‘ऑस्ट्रेलिया की तरह इंग्लैंड को हराएगा भारत’
अख्तर (Shoaib Akhtar) ने कहा कि पहला टेस्ट मैच गंवाने के बाद हर कोई भारत की काबिलियत पर सवाल उठा रहा था. लेकिन भारतीय टीम ने ने दूसरे टेस्ट मैच में दिखा दिया कि वो क्या कर सकती है. भारत ने जो काम ऑस्ट्रेलिया में किया अब वो वही काम इंग्लैंड के खिलाफ कर रहा है. हालांकि भारत जैसी मजबूत टीम को इस तरह से मैच नहीं गंवाने चाहिए. लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि टीम इंडिया रंग में आ चुकी है और अब वो सीरीज अपने नाम करेगी.’
अश्विन के मुरीद हुए अख्तर
शोएब अख्तर (Shoaib Akhtar) ने चेन्नई टेस्ट के हीरो रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, ‘अश्विन एक क्वालिटी ऑफ स्पिनर होने के साथ-साथ एक बेहतरीन बल्लेबाज भी हैं. चेन्नई टेस्ट में अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने दिखा दिया कि वो क्या कर सकते हैं. मुझे नहीं पता कि लोग उन्हें बल्लेबाज क्यों नहीं समझते. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने भी टीम इंडिया की जीत तय की. उन्होंने मुश्किल विकेट पर जिस तरह से स्वीप शॉट खेले वो बेहतरीन थे. कुल मिलाकर देखें तो कमबैक करना भारत की आदत बनती जा रही है.’
भारत की दमदार वापसी
भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच चेन्नई में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 317 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की. पहले टेस्ट मैच में इंग्लैंड के हाथों 227 रनों से करारी हार झेलने के बाद भारत ने दूसरे मैच नें बहतरीन वापसी की. इस मैच में भारत इंग्लैंड के ऊपर तीनों डिपार्टमेंट में भारी रहा. इस जीत के साथ भारत ने 4 मैच की सीरीज में 1-1 से बराबर कर ली है.