भारतीय शूटर Manu Bhaker से बदसलूकी के आरोपों से Air India का इनकार

भारतीय शूटर Manu Bhaker से बदसलूकी के आरोपों से Air India का इनकार


नई दिल्ली: भारतीय महिला निशानेबाज मनु भाकर (Manu Bhaker) के आरोपों को लेकर एयरलाइंस कपंनी ने अपना बयान दिया है. एयर इंडिया (Air India) ने दिल्ली एयरपोर्ट (Delhi Airport) पर अपने दो एयरलाइन स्टाफ द्वारा भाकर के साथ बदसलूकी की बात से इनकार किया है

रविवार को जारी बयान में एयर इंडिया (Air India) ने दावा किया कि भाकर जब 19 फरवरी को अपनी मां के साथ दिल्ली से भोपाल (Bhopal) जा रही थीं तो उनसे ‘वैध’ दस्तावेज मांगे गए थे.  जबकि इस निशानेबाज ने एयरलाइन के स्टाफ पर ‘उत्पीड़न’ और ‘अपमान’ करने के आरोप लगाए थे.

 

 

19 साल की इस निशानेबाज ने कॉमनवेल्थ गेम्स (Commonwealth Games) और यूथ ओलंपिक गेम्स (Youth Olympic Games) में गोल्ड मेडल जीते थे. भाकर ने एयरलाइंस से इन दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.  उन्होंने अपनी और अधिकारी की तस्वीर ट्विटर पर शेयर की थी. 

एयर इंडिया (Air India) ने बयान में कहा, ‘हमारे कर्मचारी मनोज गुप्ता पूरे वक्त काउंटर पर थे और उन्होंने किसी भी समय सीधे भाकर से बात नहीं की. इसे सीसीटीवी की फुटेज से भी देखा जा सकता है. इसलिए उनके द्वारा बदसलूकी के आरोप का मामला पैदा ही नहीं होता.’

 

इसके मुताबिक सीसीटीवी के फुटेज भी यात्री के घूस लेने के आरोपों और मोबाइल फोन छीनने के आरोपों को गलत साबित करते हैं. एयर इंडिया के अनुसार दिल्ली एयरपोर्ट काउंटर पर एंट्री के वक्त भाकर ने अधिकारियों को बताया कि उनके पास एक एयर पिस्टल और 0.22 बोर गन है.

बयान के मुताबित, ‘उन्हें हमारे काउंटर अधिकारियों ने दस्तावेज लाने की सलाह दी जो हथियार ले जाने के लिए अनिवार्य होते हैं. एयर इंडिया के सुरक्षा अधिकारियों ने भी इसे सही बताया.’ जब भाकर ने दस्तावेज दिखाये तो उन्हें बताया गया कि ये ‘वैध’ नहीं थे क्योंकि इस पर केवल राष्ट्रीय राइफल संघ के सहायक सचिव के ही दस्तखत थे.

एयर इंडिया के कहा कि नियमों के मुताबित संबंधित संघ के सचिव या अध्यक्ष के दस्तखत ही शुल्क की छूट के लिए मान्य होते हैं जिसकी जानकारी एयर इंडिया वेबसाइट पर भी मौजूद है. हालांकि मनु भाकर (Manu Bhaker) का मानना है कि एयर इंडिया अपने अधिकारियों को बचाने की कोशिश कर रही है.

 

 

 

 





Source link