रविवार को इंंदौर के DNS अस्पताल की लिफ्ट गिरने से पूर्व सीएम कमलनाथ को गर्दन में चोट आयी है.
Bhopal-कमलनाथ (Kamalnath) की ओर से लिफ्ट हादसों को रोकने के लिए टेक्निकल कमेटी बनाने की मांग पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सदन में ही कमेटी बनाने का ऐलान भी कर दिया.
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही अध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया हुई.गिरीश गौतम अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुन लिए गए और फिर उनके लिए प्रमुख नेताओं ने अपनी-अपनी बात रखी.जिस वक्त मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गिरीश गौतम के सम्मान में अपना पक्ष रख रहे थे उसी दौरान पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक कमलेश्वर पटेल ने सीधी बस बस हादसे का मुद्दा उठा दिया और यह मांग की कि सदन में इस पर चर्चा होनी चाहिए. कमलेश्वर पटेल ने एक बार फिर यह मुद्दा उठाने की कोशिश की लेकिन अध्यक्ष की ओर से उनसे यह कहा गया कि उन्हें बोलने का मौका और अपना पक्ष रखने का मौका सही समय पर दिया जाएगा.
लिफ्ट में फंसने की चर्चा
उधर नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ का इंदौर में लिफ्ट हादसे में बाल बाल बचना चर्चा का विषय बना रहा. नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ जैसे ही गिरीश गौतम के सम्मान में अपना पक्ष रखने के लिए खड़े हुए सबसे पहले उन्होंने यही कहा कि वह आज सदन में आने की स्थिति में नहीं थे,क्योंकि कल इंदौर में लिफ्ट हादसे में उनकी गर्दन में चोट लगी है. लेकिन आसंदी के सम्मान की वजह से वह सदन में आये हैं.पूर्व सीएम कमलनाथ ने मांग की कि सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि आगे भविष्य में ऐसे हादसे ना हों. कमलनाथ की ओर से लिफ्ट हादसों को रोकने के लिए टेक्निकल कमेटी बनाने की मांग भी की गई.
सीएम का तुरंत एक्शन
उधर जैसे ही कमलनाथ ने लिफ्ट हादसे का जिक्र किया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस पर चिंता जाहिर की. साथ ही यह भी सदन में बताया कि उन्होंने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और वह कमलनाथ के स्वस्थ रहने की कामना करते हैं. कमलनाथ की ओर से लिफ्ट हादसों को रोकने के लिए टेक्निकल कमेटी बनाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने सदन में ही कमेटी बनाने का ऐलान भी कर दिया.मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की इस त्वरित कार्रवाई पर नेता प्रतिपक्ष कमलनाथ ने उन्हें धन्यवाद दिया.