- Hindi News
- Local
- Mp
- Gwalior
- 1566 Health Workers Had To Apply For Second Dose Of Vaccine, On 1119, Dean Of GRMC Got The First Vaccine
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
ग्वालियर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
जेएएच के वैक्सीनेशन सेंटर पर कोविशील्ड वैक्सीन का दूसरा डोज लगवाने सबसे पहले जीआरएमसी के डीन डॉ. एसएन आयंगर पहुंचे।
- सोमवार को दूसरे डोज के लिए 71.45 प्रतिशत हुआ वैक्सीनेशन
- 12 सेंटर के 17 बूथ पर हुआ टीकाकरण
वैक्सीन के दूसरे डोज का पहला राउंड सोमवार से शुरू हुआ है। सोमवार को 1566 हेल्थ वर्कर्स को टीका लगना था, लेकिन दिन भर में 1119 को टीका लगा है। जेएएच के सेंटर पर सबसे पहला टीका जीआरएमसी के डीन डॉ. एसएन आयंगर ने लगवाया है। सोमवार को वैक्सीनेशन का प्रतिशत 71.45 फीसदी रहा है। जो हेल्थ वर्कर्स टीका लगवाने से चूक गए हैं वह आगे आने वाले दिनों में कभी भी दूसरी डोज लगवा सकते हैं। जिनको सोमवार को दूसरा डोज लग गया है, अब उनके शरीर में 14 दिन बाद कोरोना वायरस से बचाव के लिए एंटी बॉडी बनना शुरू हो जाएंगे।
वैश्विक महामारी कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन के दो राउंड पूरे हो चुके हैं। पहले राउंड में 12683 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन लगाने का टारगेट था। पर 8608 हेल्थ वर्कर्स ही टीका लगवाने पहुंचे थे। दो चरण पूरे होने के बाद सोमवार से वैक्सीन के दूसरे डोज के लिए पहला राउंड शुरू हुआ है। सोमवार को पहले दिन जिले में 12 सेंटर के 17 बूथ पर 1566 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन का दूसरा डोज लगाने का टारगेट रखा गया है। पर दिन भर में 1119 हेल्थ वर्कर्स ही टीका लगवाने पहुंचे हैं। दूसरा डोज लगवाने में भी 447 हेल्थ वर्कर्स ने लापरवाही दिखाई है।
इन सेंटर पर लगी वैक्सीन
सोमवार को जिले के 12 सेंटर के 17 बूथ पर वैक्सीन का दूसरा डोज लगाने का अभियान शुरू हुआ है। जीआरएमसी में 3 बूथ, जिला अस्पताल मुरार में 2 बूथ बनाए गए थे। इनके अलावा स्वास्थ्य केन्द्र बरई, स्वास्थ्य केन्द्र भितरवार, सिविल हॉस्पिटल डबरा, आयुर्वेदिक अस्पताल, कल्यण हॉस्पिटल, अपोलो स्पैक्ट्रा, स्वास्थ्य केन्द्र उटीला, कैंसर हॉस्पिटल व बिड़ला हॉस्पिटल में वैक्सीन लगाई गई।
फ्रंट लाइन वर्कर्स को एक और मौका
मंगलवार को वैक्सीनेशन तो होगा, लेकिन दूसरे डोज के लिए नहीं, बल्कि फ्रंट लाइन वर्कर्स को एक और मौका देने के लिए होगा। 19500 फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीका लगना था, लेकिन 5 हजार से ज्यादा अभी भी टीका लगवाने से रह गए हैं। फ्रंट लाइन वर्कर्स में नगर निगम, पुलिस व फोर्स के जवान शामिल हैं। मंगलवार को इनको एक और मौका दिया जा रहा है। शहर के बाल भवन में वैक्सीनेशन सेंटर बनाया गया है। यहां कोई भी फ्रंट लाइन वर्कर्स पहुंचकर वैक्सीन का पहला डोज लगवा सकता है।