Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
इंदौर8 घंटे पहले
जमीन के सीमांकन के दौरान ज्यादातर प्लाॅट धारकों को यहां बुलाया गया।
प्रशासन द्वारा भू-माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई कर मुक्त करवाई गई तीन हजार 250 करोड़ रुपए की जमीन पर अब असली मालिकों को प्लाॅट मुहैया करवाने की प्रक्रिया शुरू हाे गई है। इसी कड़ी में बुधवार को अयोध्यापुरी कॉलोनी में प्रशासन ने सीमांकन की कार्रवाई शुरू करवाई। एडीएम अभय बेड़ेकर ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर यहां सीमांकन करवाया जा रहा है। इसमें देखा जा रहा है कि देवी अहिल्या सोसायटी की अयोध्यापुरी कॉलोनी के पास कितने खसरों की रजिस्ट्रियां हैं। पूरी जमीन को देखने के बाद यह पता चल पाएगा कि कितनी रजिस्ट्रियां गलत की गई हैं। देवी अहिल्या सोसायटी में ही 6-7 कॉलोनियां हैं। सबसे पहले अयोध्यापुरी कॉलोनी की जमीन को देखा जा रहा है। ऐसे में अब लोगों को सालों बाद प्लाॅट मिलने की उम्मीद जागी है।
वहीं, अयोध्यापुरी कॉलोनी के रहवासी संघ के सचिव गौरीशंकर लखोटिया का कहना है कि यहां पर सीमांकन का काम हो रहा है। सीमांकन के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमारे 16 खसरों के अलावा अन्य और रजिस्ट्रियां किन-किन भूमाफियाओं की हुई है। हमारा सभी से निवेदन है कि वे यहां घर बनाकर रहना शुरू करें। हमने यहां से 700 गाड़ी मलबा हटा दिया है। यहां पर पौधारोपण का काम किया जा रहा है।
कलेक्टर बोले – मैं क्रिमिनल केस दर्ज करवाऊंगा
कलेक्टर मनीष सिंह ने भी संस्था सदस्यों से बात की है। रहवासी संघ के सचिव गौरीशंकर लखोटिया ने कहा कि साहब सहकारिता विभाग ने संस्था पर रिसीवर बैठाए। इन रिसीवर ने हमारे सदस्यों को रजिस्ट्री कराने के बजाए भूमाफियाओं को प्लाॅट बिकवा दिए। उनकी रजिस्ट्री करवा दी। जो भी रिसीवर आया, उसने कुछ प्लॉट निकालकर बेच दिए। ऐसे एक, दो नहीं बल्कि 40 प्लाॅट हैं। असली सदस्य रसीद लिए भटक रहे हैं और माफिया बाउंड्रीवॉल बनाकर बैठ गए हैं। कलेक्टर ने मौके से ही रजिस्ट्रार को बुलाया। कहा कि सभी रजिस्ट्री की पहचान की जाए। रजिस्ट्री कराने वालों को चेतावनी दो कि वह खुद रजिस्ट्री शून्य करवा लें, नहीं तो मैं क्रिमिनल केस दर्ज करवाऊंगा।
रहवासी संघ अवैध रजिस्ट्री के खिलाफ प्रस्ताव बनाएं
कलेक्टर ने रहवासी संघ से कहा कि आप लोग जल्द ही एक मीटिंग बुलाओ। इस मीटिंग में अवैध सदस्यों के द्वारा रजिस्ट्री कराए जाने के खिलाफ प्रस्ताव पास करो। इस प्रस्ताव की प्रति मुझे भेजिए। इसके आधार पर हम रजिस्ट्री शून्य कराने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे।
यह है मामला
देवी अहिल्या श्रमिक कामगार सहकारी संस्था की एबी रोड स्थित अयोध्यापुरी काॅलोनी के संबंध में प्रशासन को शिकायत मिली थी। जांच के दौरान पाया गया कि कॉलोनी स्थित भू-खण्डों पर रजिस्ट्री बाद भी जमीनों के अवैध कारोबार में शामिल अनाधिकृत व्यक्तियों द्वारा कब्जा कर पात्र सदस्यों के भू-खण्डों पर सैकड़ों ट्रक मलबा डालकर रास्ते को बंद कर दिया है। इसी के साथ 2007 में कॉलोनी में पूर्व से सदस्यों को पंजीकृत हो चुके 96 भू-खण्डों की 4 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री मेसर्स सिम्प्लेक्स इंवेस्टमेंट एण्ड मेगा फाइनेन्स प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के पक्ष में कर दी गई। उक्त मामले पर कार्रवाई करते हुए मेसर्स सिम्प्लेक्स के संचालकों सहित आठ व्यक्तियों के विरूद्ध थाना एमआईजी में एफआईआर दर्ज कराई गई है।