नई दिल्ली: भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narender Modi stadium) में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के पहले दिन भारत ने इंग्लैंड के ऊपर अपना दबदबा बना लिया है. इंग्लैंड के पहली पारी में 112 रनों पर सिमट जाने के बाद भारत ने दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 99 रन बना लिए हैं. पहली पारी में इंग्लैंड के बल्लेबाजों के खराब प्रदर्शन के बाद भारत के पूर्व बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने एक मजेदार वीडियो शेयर करते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाजों का मजाक उड़ाया है.
राहुल गांधी का वीडियो किया शेयर
वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने इंग्लैंड के बल्लेबाजों का मजाक उड़ाते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का एक स्टेज वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो के कैप्शन में सहवाग ने लिखा, ‘इंग्लैंड के बल्लेबाज विकेट पर आते ही’. सहवाग (Virender Sehwag) अक्सर मजेदार चीजें सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं, जिन्हें फैंस खूब पसंद करते हैं.
England batsman as soon as they come on the wicket #INDvENG pic.twitter.com/vDpRgrsnP1
— Virender Sehwag (@virendersehwag) February 24, 2021
भारत के सामने इंग्लैंड ने टेके घुटने
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narender Modi stadium) में चार मैचों की सीरीज के तीसरे टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड की पहली पारी 112 रनों पर सिमट गई. इस मैच में टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन इंग्लैंड का यह फैसला अच्छा साबित नहीं हुआ और उनकी पूरी टीम सिर्फ 48.4 ओवरों में ऑलआउट हो गई.
7 बल्लेबाज नहीं छू पाए दहाई का आंकड़ा
इंग्लैंड के बल्लेबाज तीसरे टेस्ट की पहली पारी में भारतीय गेंदबाजों के सामने इतने नाकाम दिखे कि उनके 7 बल्लेबाज तो दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए. इंग्लैंड की ओर से सिर्फ जैक क्राउली (Zak Crawley) ही 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेल पाए. क्राउली के अलावा इंग्लैंड का कोई भी बल्लेबाज नहीं टिक पाया.