Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
अवैध वसूली के VIDEO पर सिपाही सस्पेंड
कोटा में पुलिस लाइन के सिपाही का रिश्वत की मांग करते हुए वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में सिपाही बाइक छोड़ने की एवज में 20 हजार रुपए की मांग कर रहा है। साथ ही पीड़ित से कह रहा है कि इस रिश्वत की रकम वो अकेला नहीं रखेगा। वायरल वीडियो में वह हेड कॉन्स्टेबल और सीआई का भी जिक्र कर रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही एसपी ने सिपाही को सस्पेंड कर मामले में जांच बैठा दी है। सिपाही नशे का आदी बताया जा रहा है।
मुस्कुराते वीडियो के साथ खुदकुशी
गुजरात में पति और ससुरालवालों से परेशान महिला ने खुदकुशी कर ली। अहमदाबाद की आयशा ने सुसाइड करने से पहले एक इमोशनल वीडियो बनाया, जिसमें वे परिवार को मैसेज दे रही हैं। आयशा ने सुसाइड करने से पहले अपने पैरेंट्स को भी फोन किया था। पैरेंट्स ने समझाने की कोशिश की, लेकिन आयशा नहीं मानीं। उन्होंने कहा कि अब बहुत हो चुका-अब नहीं जीना, बच गई तो ले जाना, अगर मर गई तो दफन कर देना। आयशा ने अपने पैरेंट्स से यह भी बताया था कि पति को उसकी कोई परवाह नहीं।
नशे में मामा से चली गोली भांजे को लगी
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शराब के नशे में मामा से चली गोली उसके भांजे को जा लगी। गोली लगने से 19 साल के प्रिंस की मौके पर मौत हो गई। शराब पार्टी के दौरान गोली चली। मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर गांव का है। प्रिंस कक्षा-11 का छात्र था।
जू में बाउंसर ने युवक को जड़ा थप्पड़
इंदौर जू में बांउसर ने युवक को थप्पड़ जड़ दिया। हाटपिपल्या देवास का रहने वाला फैजान अपने चार दोस्तों के साथ जू पहुंचा था। यहां 5 रुपए शुल्क टिकट के हिसाब से 25 रुपए जमा कर चुका था। जैसे ही फैजान अपने दोस्तों के साथ सांप घर देखने पहुंचा तो दो निगमकर्मियों ने 5-5 रुपए के हिसाब से फिर 25 रुपए मांगे। फैजान 20 रुपए दे चुका था। 5 रुपए खुल्ले नहीं होने के चलते जब 10 रुपए देने लगा तो निगमकर्मी बोला मुझे भीख दे रहा है क्या। बस इतने में मामला गरमा गया। निगम के दो बाउंसर आदर्श यादव सहित विशाल भाटिया ने फैजान से मारपीट शुरू कर दी।
मछली कारोबारी की चाकू से गोदकर हत्या
साहिबगंज (झारखंड) के यूसुफ की मुंबई में चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। अमानत दियारा के तोफाजुल टोला का यूसुफ शेख (40) करीब पांच महीने पहले मुम्बई में मछ्ली का व्यवसाय करने गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बरकत शेख भी साहिबगंज के अमानत दियारा का निवासी है।
महिला ने शराबी पति को टेम्पो से बांधकर घसीटा
सूरत में महिला ने शराबी पति को टेंपो के पीछे बांधकर 2 किलोमीटर तक घसीटा। मामला पलसाणा तहसील के कडोदरा गांव का है। पत्नी ने अपने भाई के साथ मिलकर पति को एक टेम्पो के पीछे बांधकर घसीटा। टेम्पो रुकने के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों आरोपियों की पिटाई कर उन्हें पुलिस को सौंप दिया। पति को गंभीर हालत में सूरत के स्मीमेर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। महिला पति के शराब पीने से परेशान है।