Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
खंडवा8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
- आज वार्ड नंबर-1 से शुरुआत, गंभीर बीमारी वाले भी शामिल
60 साल से अधिक व 45-59 साल तक के कोमोरबिडिटी (गंभीर बीमारी) वालों को भी साेमवार 1 मार्च से कोरोना वैक्सीन लगाया जाएगा। इसके लिए मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल के बी-ब्लॉक में चार केंद्र बनाए गए हैं। अस्पताल में यह टीका दोनों श्रेणियों के हितग्राहियों को मुफ्त में लगाया जाएगा।
हालांकि शहर में अभी तक भारत सरकार द्वारा तय फीस 250 रुपए प्रति टीक के लिए कोई केंद्र तय नहीं किया गया है। रविवार को बुजुर्गों के टीकाकरण के लिए स्टाफ को प्रशिक्षण दिया गया। जिले की 14 लाख की आबादी में लगभग 1 लाख 19 हजार 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग है। वहीं शहर की 2 लाख 26 हजार की आबादी में 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग लगभग 19 हजार हैं। सोमवार को शहर के वार्ड नंबर-1 के बुजुर्गों को कोरोना का टीका लगेगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुसार 1 जनवरी 2022 को जिनकी उम्र 60 साल हो जाएगी, उन्हें भी कोरोना का टीका लगाया जाएगा। कोरोना के एप से अलावा बुजुर्गों का टीकाकरण के लिए केंद्रों पर भी रजिस्ट्रेशन होंगा।
इन दस्तावेजों को वैधता
आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, एनपीआर स्मार्ट कार्ड, पेंशन डाॅक्यूमेंट वैक्सीनेशन के रजिस्ट्रेशन के लिए पहचान पत्र के रूप में मान्य होंगे। रजिस्ट्रेशन के लिए हितग्राही जिस दस्तावेज का उपयोग करेगा, वह सेंटर में दिखाना होगा।
कोमोरबिडिटी पेशेंट को देना होगा सर्टिफिकेट
टीका लगवाने के लिए 45 से 59 साल तक के कोमोरबिडिटी पेशेंट को एमसीआई क्वालीफाई डॉक्टर का मेडिकल सर्टिफिकेट और खुद का फोटो पहचान पत्र रजिस्ट्रेशन फार्म में लगाना होगा। लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 20 प्रकार की बीमारियों को कोमोरबिडिटी लिस्ट में शामिल किया है।
मार्च के पहले सप्ताह में 4 दिन लगेगा टीका
1 मार्च से शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान के दूसरे चरण के पहले सप्ताह में 4 दिन टीकाकरण होगा। स्वास्थ्य संचालनालय की रिपोर्ट के अनुसार 1, 3, 4 और 6 मार्च को सरकारी कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर कोरोना के टीके लगाए जाएंगे। निजी सेंटर पर केंद्र तय होने के बाद वहां भी कोरोना का टीकाकरण शुरू होगा।
2328 हेल्थ व फ्रंटलाइन वर्कर को नहीं लगा टीका
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार खंडवा में 2328 हेल्थ केयर और फ्रंटलाइन वर्कर ऐसे हैं, जिन्हें अब तक कोरोना का टीका नहीं लगा है। इनमें 1271 हेल्थ केयर व फ्रंटलाइन के 1057 वर्कर्स हैं। जिले में टीकाकरण के लिए कुल हेल्थ वर्कर्स 6269 और फ्रंटलाइन वर्कर्स 5365 दर्ज थे।
बी-ब्लॉक में लगेगा बुजुर्गों काे कोरोना का टीका
सोमवार से बुजुर्गों के लिए कोरोना टीकाकरण शुरू हो रहा है। जिले में 1 लाख 19 हजार के करीब बुजुर्ग हैं। सोमवार को शहरी केंद्र पर वार्ड नंबर-1 के बुजुर्गों को टीका लगाया जाएगा। डॉ.एनके सेठिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी
जिले में कोरोना के पांच मरीज और मिले
चौबीस घंटों में 5 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इस तरह जिले में अब तक 2392 मरीज पॉजिटिव आ चुके हैं। इस समय कोरोना संक्रमण के 28 एक्टिव केस हैं। जिला महामारी विशेषज्ञ डॉ. योगेश शर्मा ने बताया रविवार को 91 मरीजों के सैंपल लिए हैं। जिले में अब तक कुल 77953 लोगों के सेंपल लिए जा चुके हैं, जिसमें से 74286 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। 24 घंटे में 4 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया है। अब तक कुल 2301 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।