जडेजा ने इसी महीने इंटरनेशनल करिअर के 12 साल पूरे किए.
बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज रवींद्र जडेजा चोट के बाद मैदान पर वापस आ गए हैं. ऑस्ट्रेलिया में सीरीज के दाैरान वे चोटिल हुए थे. उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका दिया जा सकता है.
रवींद्र जडेजा चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ घर में खेली गई चार मैचों की टेस्ट सीरीज में भी नहीं उतर सके. उन्हें टी20 टीम में शामिल नहीं किया गया है. 23 मार्च भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो रही है. सीरीज से जडेजा इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं. इसके पहले उन्हें फिटनेस टेस्ट पास करना होगा. हालांकि जडेजा की जगह टेस्ट टीम में जगह पाने वाले अक्षर पटेल ने शानदार प्रदर्शन किया है. वे दो मैच में अब तक 18 विकेट ले चुके हैं. पिछले दिनों जडेजा ने इंटरनेशनल करिअर के 12 साल पूरे किए. 8 फरवरी 2009 को श्रीलंका के खिलाफ वनडे से उन्होंने करिअर शुरू किया था.
Back on the field 🏃🏻#firstday #postsurgery pic.twitter.com/SrCyLx7TQx
— Ravindrasinh jadeja (@imjadeja) March 2, 2021
चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए राहत की खबर
रवींद्र जडेजा आईपीएल टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के सीनियर खिलाड़ियों में से एक हैं. उनके मैदान पर आने से टीम को राहत मिली होगी. पिछले सीजन में टीम अच्छा खेल नहीं दिखा सकी थी और 7वें नंबर पर रही थी. जडेजा चेन्नई की ओर से तीन आईपीएल का खिताब जीत चुके हैं. जडेजा ने भारत की ओर से 51 टेस्ट, 168 वनडे और 50 टी20 मुकाबले खेले हैं. ओवरऑल टी20 रिकॉर्ड की बात करें तो जडेजा 252 मैच में 164 विकेट लिए हैं और 2586 रन बनाए हैं.