अजिंक्य रहाणे ने घर में खराब प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर पत्रकार को आंकड़े जांचने के लिए कहा.
भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने अपने घरेलू फॉर्म से जुड़ा सवाल पूछने पर पत्रकार की बोलती बंद कर दी. उन्होंने कहा कि पहले आप आंकड़े देख लीजिए. मैं टीम की जरूरत के मुताबिक खेलता हूं.
रहाणे ने आगे कहा कि जब भी टीम को रन की जरूरत रही है, तब मैंने प्रदर्शन किया है. मैं टीम मैन हूं. यह सबको पता है. जैसा टीम चाहती है वैसा खेलता हूं. इसलिए एक बार आंकड़े देखिए. मैंने हमेशा ऐसा किया है इसलिए इस विषय पर बहुत ज्यादा नहीं सोचता हूं. इससे पहले चेन्नई में हुए दूसरे टेस्ट के बाद भी उनसे इसी तरह का सवाल पूछा गया था. तब भी उन्होंने आंकड़े देखने की नसीहत दी थी. उन्होंने कहा कि हां एक प्लेयर के तौर पर मैं हमेशा सीखना और अपनी कमियों को दूर करना चाहता हूं. जो मेरे लिए महत्वपूर्ण है.
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में रोहित को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चलारहाणे ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अब तक 3 टेस्ट की पांच पारियों में 85 रन बनाए हैं. वे एक बार ही 50 या उससे ज्यादा रन बना पाए हैं. हालांकि, इस सीरीज में रोहित शर्मा को छोड़ दें तो टीम का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया है. सीरीज में भारत की तरफ से दो शतक लगे हैं. उसमें से एक रोहित तो दूसरा रविचंद्रन अश्विन ने लगाया है. भारतीय कप्तान विराट कोहली भी सीरीज में शतक नहीं लगा पाए हैं. ऐसे में रहाणे पर सवाल उठाना वाजिब नहीं दिख रहा है.
रहाणे WTC में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय
ऐसा नहीं है कि रहाणे रन नहीं बना रहे हैं या टीम की जीत में अहम योगदान नहीं दे रहे हैं. वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप में रहाणे इकलौते भारतीय हैं, जिसके एक हजार रन हैं. वो डब्ल्यूटीसी में अब तक 16 टेस्ट में 1068 रन बना चुके हैं. उन्होंने तीन शतक और 6 अर्धशतक भी लगाए हैं. रहाणे का बीते दो साल का घरेलू रिकॉर्ड भी देखें तो इसे खराब नहीं कहा जा सकता है. उन्होंने मार्च 2019 से अब तक घर में 8 टेस्ट खेले हैं. इसमें उन्होंने 43.80 की औसत से 438 रन बनाए हैं. ये उनके 41.41 के करियर औसत से बेहतर है.
IND vs ENG: मोटेरा पिच का बार-बार मजाक उड़ा रहे माइकल वॉन, फैन्स ने लगा दी क्लास
इसी अवधि में उन्होंने तीन अलग-अलग देशों के खिलाफ शतक लगाए हैं. इसमें एक वेस्टइंडीज, दूसरा दक्षिण अफ्रीका और तीसरा ऑस्ट्रेलिया है. इसमें ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक उन्होंने मेजबान देशों के यहां खेलते हुए जड़े हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने पिछले साल मेलबर्न टेस्ट में 112 रन की पारी खेली थी. इसी वजह से भारत सीरीज का वो दूसरा टेस्ट जीता था. रहाणे प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे थे. इसके बाद भारत सीरीज का तीसरा टेस्ट ड्रॉ हुआ था और चौथा भारत ने जीतकर 2-1 से सीरीज अपने नाम की थी. रहाणे ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट में भारत को मिली 317 रन की बड़ी जीत में भी अहम रोल निभाया था. उन्होंने पहली पारी में 67 रन की पारी खेलकर जीत की बुनियाद रखी थी.