अकिला धनंजय टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले 13वें गेंदबाज हैं (फोटो-AFP)
Sri Lanka vs West Indies: अकिला धनंजय ने अपने दूसरे ओवर में पहले हैट्रिक ली थी और अगले ही ओवर में कायरन पोलार्ड ने उनकी गेंदों पर छह छक्के लगा दिए.
1. श्रीलंकाई गेंदबाज अकिला धनंजय टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले तीसरे श्रीलंकाई गेंदबाज हैं. मैच के चौथे ओवर में धनंजय ने एविन लुइस (28), क्रिस गेल (0) और निकोलस पूरन (0) को लगातार तीन गेंदों पर आउट कर अपना हैट्रिक पूरा किया. उनसे पहले तिसारा परेरा और लसिथ मलिंगा ये कारनामा कर चुके हैं. मलिंगा ने दो बार टी20 क्रिकेट में हैट्रिक लिया है. मलिंगा और अफगानिस्तान के जादुई स्पिनर राशिद खान लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेने का भी कारनामा कर चुके हैं.
2.धनंजय ने चार ओवर में 62 रन देकर तीन विकेट लिए. टी20 क्रिकेट में वह कसुन रजिता (4 ओवर में 75 रन) और सनथ जयसूर्या (4 ओवर में 64 रन) के बाद तीसरे सबसे महंगे श्रीलंकाई गेंदबाज बने हैं. रजिता के नाम एक मैच में सबसे ज्यादा रन देने का रिकॉर्ड है.
3. धनंजय ने आठ साल पहले इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक 6 टेस्ट, 36 वनडे और 23 टी20 मैचों में क्रमश: 33, 51 और 25 विकेट लिए हैं. धनंजय निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर लेते हैं और उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में एक अर्धशतक भी दर्ज है.4. धनंजय इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्का खाने वाले सिर्फ तीसरे गेंदबाज हैं. उनसे पहले इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड और नीदरलैंड के वान डर बुंगा एक ओवर में छह छक्के खा चुके हैं. धनंजय इन दोनों गेंदबाजों के साथ संयुक्त रुप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक ओवर में 36 रन देने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले श्रीलंकाई गेंदबाज तिसारा परेरा को 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच में 34 रन पड़े थे.
5. अकिला धनंजय बांए हाथ के बल्लेबाज हैं जबकि वह दाएं हाथ से गेंदबाजी करते हैं. धनंदय ऑफ स्पिन और लेग स्पिन दोनों तरह की गेंदें डालते हैं.