23 साल के डॉम बेस इंग्लैंड के स्पेशलिस्ट ऑफ स्पिनर हैं.
India vs England: भारतीय टीम मोटेरा टेस्ट में जीत की ओर बढ़ चली है. उसने चौथे टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड को 205 रन पर समेटा. इसके बाद 7 विकेट पर 294 रन बना लिए हैं. इस मैच में इंग्लैंड को एक गेंदबाज की बुरी तरह कमी खली. उसने एक समय भारत के 5 विकेट 121 रन पर झटक लिए थे. लेकिन वह भारतीय टीम पर दबाव नहीं बना सका.
23 साल के डॉम बेस (Dom Bess) इंग्लैंड के स्पेशलिस्ट ऑफ स्पिनर हैं. उन्होंने चेन्नई में खेले गए मैच में 5 विकेट झटके थे. इंग्लैंड ने इस बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद डॉम बेस को दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच की प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा. अब जब वे चौथे टेस्ट मैच में उतरे हैं तो बेरंग नजर आ रहे हैं.
डॉमिनिक बेस ने चौथे टेस्ट मैच (Motera Test) में 15 ओवर की गेंदबाजी की और 56 रन लुटा चुके हैं. बेस ने 3.76 की इकोनॉमी रेट से रन दिए, जो इस मैच में किसी भी गेंदबाज से अधिक है. बेस के लिए इससे भी बुरी बात यह रही कि वे अब तक एक भी विकेट नहीं ले सके हैं.
डॉमिनिक बेस चौथे टेस्ट मैच में 15 ओवर में 56 रन लुटा चुके हैं.
डॉमिनिक बेस के रंग में नहीं होने के कारण जेम्स एंडरसन, जैक लीच और बेन स्टोक्स पर दबाव आ गया. तीसरे सेशन में ये गेंदबाज थके हुए से लगे. भारत ने इसका फायदा उठाकर तीसरे सेशन में 141 रन बना दिए. इस दौरान उसका सिर्फ एक विकेट गिरा. जबकि दिन के पहले दो सेशन में इंग्लैंड ने भारत के पांच विकेट झटके थे और सिर्फ 129 रन दिए थे.
यह भी पढ़ें: IND VS ENG: ऋषभ पंत हैं टीम इंडिया के नए संकटमोचक, 5 बेमिसाल पारियां हैं सबूत
जेम्स एंडरसन ने मैच में सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की. उन्होंने 20 ओवर में महज 40 रन दिए और तीन विकेट झटके. बेन स्टोक्स और जैक लीच ने भी उनका अच्छा साथ दिया और दो-दो विकेट अपने नाम किए. डॉम बेस ना सिर्फ विकेट लेने में चूक गए, बल्कि वे जब-जब बॉलिंग करने आए, तब-तब कमजोर गेंद करके भारतीय बल्लेबाजों का काम आसान करते रहे. कप्तान जो रूट कई बार डॉम बेस को समझाते दिखे, लेकिन वे शायद बेसिक्स से भटक चुके थे, जिसका खामियाजा इंग्लैंड को भुगतना पड़ा.
भारत की ओर से ऋषभ पंत ने शानदार शतक लगाया. उन्होंने 101 रन की पारी खेली. वॉशिंगटन सुंदर 60 रन बनाकर नाबाद हैं. इन दोनों ने सातवें विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी की. इस साझेदारी की बदौलत ही भारतीय टीम इंग्लैंड पर लीड ले सकी.