अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पांचों मैच खेले जाएंगे.
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज 12 मार्च से शुरू हो रही है. टेस्ट सीरीज टीम इंडिया ने 3-1 से जीती थी. टी20 के सभी मैच अहमदाबाद में खेले जाएंगे.
दो से अधिक मैच टी20 मैच की सीरीज की बात करें तो इंग्लैंड ने घर के बाहर कुल 13 सीरीज खेली हैं. 5 में जीत मिली है जबकि 4 में हार. 4 सीरीज बराबर रही है. यानी 9 सीरीज में इंग्लिश टीम को मेजबान देश हरा नहीं सका है. इनमें से अंतिम चार सीरीज में इंग्लैंड ने तीन में जीत दर्ज की है. इंग्लैंड ने पहले विंडीज को उसी के घर में 3-0 से हराया. फिर न्यूजीलैंड में खेली गई पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर हो गई. इसके बाद इंग्लिश टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 2-1 से हराया. इसके बाद एक बार फिर टीम ने दक्षिण अफ्रीका को उसी के घर में टी20 सीरीज में 3-0 से शिकस्त दी. भारत में टीम तीसरी बार दो से उससे अधिक मैच की सीरीज खेलेगी. 2012-13 में खेली गई दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर रही थी. इसके अलावा 2016-17 में खेली गई तीन मैचों की सीरीज में इंग्लिश टीम को 1-2 से हार मिली थी.
यह भी पढ़ें: IND vs ENG: सूर्यकुमार यादव रहना चाहते थे घर से बाहर, इसलिए बैडमिंटन छोड़ बन गए क्रिकेटरटीम इंडिया घर में 15 में से सिर्फ दो सीरीज में हारी है
दूसरी ओर टीम इंडिया का घर में प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है. दो या दो से अधिक मैचों की सीरीज की बात करें तो टीम ने सिर्फ दो सीरीज घर में गंवाई हैं जबकि 8 सीरीज में जीत दर्ज की है. 5 सीरीज बराबर रही हैं. अंतिम तीन सीरीज की बात करें तो टीम इंडिया एक भी नहीं हारी है. टीम ने पहले बांग्लादेश को 2-1 से हराया. इसके बाद विंडीज को 2-1 से फिर श्रीलंका को 2-0 से मात दी. ऐसे में इंग्लैंड के लिए जीत हासिल करना आसान नहीं होगा. टीम इंडिया पहली बार घर में 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलने जा रही है.