IND VS ENG: पहले टी20 की पिच से किसे मिलेगी मदद?
भारत और इंग्लैंड (India vs England) के बीच टी20 सीरीज का आगाज शुक्रवार से हो रहा है, अहमदाबाद में होने वाली सीरीज के दौरान कैसी रहेगी पिच और मौसम, जानिए इस रिपोर्ट में
अहमदाबाद में पहली बार टी20 इंटरनेशनल मुकाबला होने जा रहा है और बताया जा रहा है कि विकेट बल्लेबाजी के लिए बेहतरीन होगा. भारत और इंग्लैंड के पास एक से बढ़कर एक बल्लेबाज हैं ऐसे में दोनों टीमों के गेंदबाजों की शामत आ सकती है.
किन गेंदबाजों को मिलेगी अहमदाबाद में मदद?
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मुकाबले खेले गए थे जहां तेज गेंदबाजों की बजाए स्पिनर्स को काफी मदद मिली थी. जनवरी में हुए इन मुकाबलों में स्पिनर्स के खिलाफ रन बनाना इतना आसान नहीं रहा था. इस मैदान पर खेले गए मुकाबलों के दौरान स्पिनर्स का इकॉनमी रेट 6.67 रहा था और तेज गेंदबाजों ने 7.55 के इकॉनमी रेट से रन दिये थे. स्पिनर्स को मदद मिलना टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर है क्योंकि उसके पास युजवेंद्र चहल, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल जैसे गेंदबाज हैं जो टी20 के स्पेशलिस्ट माने जाते हैं.टॉस जीतकर फील्डिंग करना बेहतर
अहमदाबाद में खेले जाने वाले डे-नाइट मैचों में ओस जरूर प्रभाव छोड़ती है. कुछ ऐसा ही सैयद मुश्ताक ट्रॉफी में भी देखा गया था. यहां खेले गए 7 में से 5 मैचों में लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम जीती थी. ऐसे में साफ है कि टॉस जीतकर गेंदबाजी करना ही बेहतर विकल्प रहेगा.
IND VS ENG: विराट कोहली ने इंग्लैंड को बताया टी20 वर्ल्ड कप जीतने का दावेदार, जानिये वजह
कैसा रहेगा अहमदाबाद का मौसम
शुक्रवार को अहमदाबाद का मौसम बिलकुल साफ रहेगा. तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच रहने की संभावना है. शाम को शुरुआती ओवर्स में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है. रात को थोड़ी ओस गिरने से बल्लेबाजों को मदद मिलेगी.