Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
जबलपुरएक मिनट पहले
- कॉपी लिंक
जिला अस्पताल विक्टोरिया में सोमवार को एक कोरोना संदिग्ध महिला की मृत्यु हो गई। मृत्यु से पूर्व महिला की कोविड जाँच रैपिड टेस्ट के जरिए की गई थी, जो कि पॉजिटिव आई। इससे पहले कि महिला का आरटीपीसीआर टेस्ट हो पाता, उसकी मृत्यु हो गई। महिला की मौत के बाद अस्पताल में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। ज्ञात हो कि 13 फरवरी को कोविड संक्रमित की मौत दर्ज की गई थी।
महिला मेडिसिन वार्ड में भर्ती थी, जिसके बाद वार्ड में भर्ती सभी मरीजों के सैंपल लिए गए, इसके अलावा स्टाफ की कोरोना जाँच भी कराई गई है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे केंट के संजय गांधी नगर बगड़ी मोहल्ला निवासी महिला को विक्टोरिया के मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया।
महिला को दस्त और बुखार की शिकायत थी। इसके अलावा महिला को डायबिटीज भी थी। ऑक्सीजन लेवल घटने के बाद सोमवार सुबह महिला का रैपिड कोरोना टेस्ट कराया गया, जो पॉजिटिव आया। महिला को ऑक्सीजन पर रखा गया, लेकिन हालात में सुधार न होने के बाद कुछ ही देर में मृत्यु हो गई।
मेडिसिन वार्ड में थे लगभग 22 मरीज
सूत्राें के अनुसार मेडिसिन वार्ड में सोमवार सुबह तक 22 मरीज भर्ती थे। वहीं 4 स्टाफ नर्स ने ड्यूटी की थी। इसके बाद एहतियातन सभी की आरटीपीसीआर जाँच कराई गई है। जाँचों की रिपोर्ट आने तक सभी मरीजों को वार्ड से निकलने मना किया गया है।
बढ़ गई थी शुगर
- परिजनों से पता चला कि महिला को लंबे वक्त से शुगर की बीमारी थी। जब भर्ती किया गया, तब शुगर लेवल 400 तक पहुँच गया था। महिला को कोविड था या नहीं, आरटीपीसीआर जाँच से स्पष्ट होता, लेकिन जाँच से पहले ही मृत्यु हो गई। रैपिड टेस्ट पॉजिटिव था, इस आधार पर कोरोना प्रोटोकाॅल के साथ अंतिम संस्कार किया गया। – डॉ. मनीष कुमार मिश्रा, सीएमएचओ
कोरोना से परिजनों की सुरक्षा में न करें ढिलाई
कोरोना के बढ़ते प्रकरणों को देखते हुए जिले के सभी नागरिकों से सावधानी बरतने तथा कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने का अनुरोध कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने किया है। उन्होंने कहा कि इस समय लापरवाही घातक हो सकती है और कोरोना संक्रमण का कारण बन सकती है, कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए, खुद सावधानी बरतने और परिवार के सभी सदस्यों खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह भी किया है।