ICC Women’s ODI Rankings: लिजेली ली बनीं नंबर 1 वनडे बल्लेबाज, पूनम राउत ने भी लगाई लंबी छलांग

ICC Women’s ODI Rankings: लिजेली ली बनीं नंबर 1 वनडे बल्लेबाज, पूनम राउत ने भी लगाई लंबी छलांग


दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लिजेली ली नंबर 1 वनडे बल्लेबाज बनीं (फोटो-लिजेली ली इंस्टाग्राम)

आईसीसी महिला वनडे रैंकिंग के टॉप 20 में पहुंचीं पूनम राउत (Poonam Raut), तीन वनडे में बनाए थे 62, 77 और 104 रनों के स्कोर

नई दिल्ली. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा एकदिवसीय श्रृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाली भारत की पूनम राउत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की नवीनतम महिला एकदिवसीय रैकिंग (ICC Women’s ODI Rankings:) में बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष 20 में पहुंच गयी हैं. श्रृंखला के पिछले तीन मैचों में नाबाद 62, 77 और नाबाद 104 रन की पारियां खेलने वाली राउत आठ स्थानों के सुधार के साथ 18वें पायदान पर पहुंच गयी हैं. सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना सातवें स्थान के साथ रैंकिंग में शीर्ष भारतीय हैं जबकि कप्तान मिताली राज नौवें स्थान पर हैं.

उपकप्तान हरमनप्रीत कौर बल्लेबाजों की सूची में दो स्थानों के सुधार के साथ 15वें जबकि गेंदबाजों की सूची में तीन स्थान ऊपर चढ़कर 49वें पायदान पर आ गयी है. श्रृंखला के तीन मैचों में पांच विकेट लेने वाली बायें हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ चार स्थानों के सुधार के साथ गेंदबाजों की सूची में 18वें स्थान पर आ गयी है. तेज गेंदबाज मानसी जोशी 69वें से 64वें स्थान पर आ गयी है.

नंबर 1 बनीं लिजेली ली
भारत के खिलाफ श्रृंखला में शानदार लय में चल रही दक्षिण अफ्रीका की सलामी बल्लेबाज लिजेली ली सात स्थानों के सुधार के साथ रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंच गयी हैं. इंग्लैंड की सलामी बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट को रैंकिंग में टॉप रैंकिंग से हटाने वाली ली ने इस दौरान (पिछले सप्ताह) तीन मैचों में चार, नाबाद 132 और 69 रन की शानदार पारियां खेली. वह महिला एकदिवसीय रैंकिंग की बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर पहुंचने वाली पहली दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी है.दक्षिण अफ्रीका की अयाबोंगा खाका गेंदबाजों की सूची में एक स्थान के सुधार के साथ नौवें पायदान पर पहुंच गयी हैं.

पांचवें वनडे में लाज बचाने उतरेगी टीम इंडिया
श्रृंखला हार चुकी भारतीय महिला क्रिकेट टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को पांचवें और आखिरी एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में प्रतिष्ठा बचाने के लिये बेहतर प्रदर्शन के इरादे से उतरेगी . दूसरे मैच में नौ विकेट से मिली जीत को छोड़कर भारतीय टीम एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रही है . दक्षिण अफ्रीका ने श्रृंखला 3 -1 से पहले ही अपने नाम कर ली है . कोरोना महामारी के कारण एक साल बाद खेल रही भारतीय टीम के लिये चुनौती कठिन थी क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने हाल ही में पाकिस्तान को 3 -0 से हराया था .








Source link