- Hindi News
- Local
- Mp
- On An Average Rs 30663 To The Officer, Rs 20654 To The Employee. 7.50 Lakh Employees Will Get 75% Of The Third Installment Of Arrears Before Holi
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
भोपाल9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
तीसरी किस्त की 25 फीसदी राशि तो मई 2020 में दी गई, लेकिन 75% राशि कोरोनाकाल के वित्तीय संकट के चलते अटक गई थी, जो अब देने के आदेश हुए हैं।
- सरकार के खजाने पर आएगा एक हजार करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ
राज्य सरकार ने प्रदेश के 7.50 लाख अफसरों और कर्मचारियों का 7वें वेतनमान का हिसाब-किताब चुकता कर दिया है। वित्त विभाग ने इस वेतनमान के एरियर की शेष तीसरी किस्त की 75 फीसदी राशि कर्मचारियों के खातों में डालने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसमें शिक्षक संवर्ग भी शामिल हैं।
यह राशि अगले एक-दो दिन या होली से पहले कर्मचारियों को मिल जाएगी। एरियर की 25 फीसदी राशि सरकार पहले ही दे चुकी है। शेष राशि मिलने से प्रदेश के 30 हजार प्रथम श्रेणी और द्वितीय श्रेणी के अफसरों को एकमुश्त औसतन 30663 रु. और कर्मचारियों को 20654 रु. मिल जाएंगे। इससे सरकार के खजाने पर करीब एक हजार करोड़ रु. का अतिरिक्त भार अएगा।
एरियर का गणित : दो किस्तों का पैसा समय पर मिला, तीसरी का 25% ही दिया था
- 7वें वेतनमान के एरियर के भुगतान पर कुल खर्च 4200 से 4500 करोड़ रु. अनुमानित था। राज्य सरकार ने 22 जुलाई 2017 को वेतनमान देने के आदेश दिए और 1 जनवरी 2016 से जून 2017 तक 18 महीने की एरियर राशि का भुगतान तीन किस्तों में देने का फैसला लिया था।
- पहली किस्त का भुगतान मई 2018, दूसरी का मई 2019 और तीसरी किस्त का मई 2020 में होना था। दो किस्तें तो समय पर दे दी गईं। इसमें कर्मचारियों को 50% राशि नकद और 50% जीपीएफ अकाउंट में डाली गई।
- तीसरी किस्त की 25 फीसदी राशि तो मई 2020 में दी गई, लेकिन 75% राशि कोरोनाकाल के वित्तीय संकट के चलते अटक गई थी, जो अब देने के आदेश हुए हैं। यानी शासकीय सेवकों को 10 महीने बाद वेतनमान के एरियर का पूरा पैसा मिल रहा है।
किसको-कितना मिलेगा : सुपर क्लास अफसर के खाते में आएंगे 45 हजार, चतुर्थ श्रेणी को 18654 रु.
- सुपर क्लास : इन अफसरों की संख्या करीब एक हजार है। इन्हें एरियर 1 लाख 75 हजार से 1 लाख 80 हजार के बीच मिलना था। दो किस्तों के 1 लाख 20 हजार और तीसरी किस्त की 25% राशि के 15 हजार रु. पहले मिल चुके हैं। अब उन्हें 45 हजार रुपए के करीब मिलेंगे।
- क्लास 1,2,3 : इनकी संख्या 3 लाख से ज्यादा है। इनका 18 महीने का एरियर 1 लाख 14 हजार 654 रुपए के करीब बना। इन्हें पहली दो किस्तों के 76438 रुपए मिल चुके हैं। 2020 में जो राशि देय थी, वह 38218 रुपए थी, जिसमें से 25% देय राशि में 9555 रुपए मिलना था। इसमें से 1147 रुपए तो जीपीएफ में जमा कर दिए गए थे और 8408 रुपए नगद दिए गए। अब बची 75% राशि थी जो 28 हजार से 30663 रुपए की बीच है, जिसका भुगतान किया गया है।
- चतुर्थ श्रेणी : इनकी संख्या 47 हजार के करीब है। उन्हें पिछला दो किस्तों के भुगतान के बाद अब 18654 रुपए मिलेंगे।
- एनपीएस वाले 4.5 लाख : प्रदेश में साढ़े चार लाख ऐसे कर्मचारी जो 1 जनवरी 2005 की बाद सेवा में आए हैं जिनके वेतन से कटौती न्यू पेंशन स्कीम (एनपीएस) में होती है। उन्हें मिलने वाली राशि में से 10 फीसदी हिस्सा उनके एनपीएस अकाउंट में जमा कर दिया जाएगा और बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।