प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कमलनाथ सरकार जहां लोगों की छोटी-छोटी जरूरतों को पैसे न होने की बात कहकर टाल देती थी, वहीं शिवराज सरकार ने खराब आर्थिक स्थिति के बावजूद किसानों, मजदूरों के खातों में 1.18 लाख करोड़ की राशि डाली है. भाजपा सरकार ने बीते एक वर्ष में गरीबों को उनका हक लौटाया है, जिसे कमलनाथ सरकार ने योजनाएं बंद करके छीन लिया था. भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर ‘सेवा का संस्कार, विकास की रफ्तार, अभिनंदन भाजपा सरकार’ थीम पर प्रदेश भर में 22 से 25 मार्च तक कार्यक्रम आयोजित करेगी और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी प्रदेश की जनता को देगी.
ये होंगे कार्यक्रम
22 मार्चप्रदेश के हर जिले में पत्रकार वार्ताएं आयोजित कर कांग्रेस के 15 माह बनाम भाजपा सरकार के 12 माह के कार्यकाल को तुलनात्मक रूप से मीडिया के सामने रखा जाएगा. इसी दिन विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विधायक या हारे प्रत्याशी इन विकास वार्ताओं को संबोधित करेंगे. विकास वार्ता में पत्रकार, वरिष्ठ नेताओं के साथ साथ विधानसभा में रहने वाले गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे. 22 मार्च को ही मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा का जनता के नाम संबोधन मीडिया, सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जायेगा.
23 मार्च
सुबह 11 बजे और शाम को 7 बजे सायरन बजेगा और मुख्यमंत्री तथा प्रदेश अध्यक्ष जनता से मास्क लगाने की अपील करेंगे. जो व्यक्ति जहां होगा, वहीं मास्क लगायेगा. इसी दिन ‘सेवा का संस्कार, विकास की रफ्तार, अभिनंदन भाजपा सरकार’ की थीम पर हर मंडल में विकास का नारियल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम के तहत सभी स्वीकृत, जारी और पूर्ण हो चुके विकास कार्यों के स्थल पर झण्डे, बैनर, ढोल, ढमाकों के साथ जाकर स्थानीय कार्यकर्ता एवं नागरिक विकास का नारियल फोड़ेंगे.
इसी दिन प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा किये गए विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगायी जायेगी. इसी दिन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान द्वारा किसानों एवं स्ट्रीट वेंडर्स के खातों में दो हजार करोड़ से अधिक की राशि डाली जाएगी.
24 मार्च
विधानसभा क्षेत्र, पंचायत एवं नगरों में कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों का चौपाल लगाकर सम्मान किया जायेगा. कार्यक्रमों के दौरान पार्टी कार्यकर्ता कोविड 19 की गाइडलाइन का पालन करेंगे.
25 मार्च
टीकाकरण अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण का अभियान चलाएंगे तथा पात्र नागरिकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करेंगे और सहयोग करेंगे.