युवराज सिंह ने रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज (Road Safety World Series) के फाइनल में श्रीलंका लीजेंड्स (Sri Lanka Legends) के खिलाफ 41 गेंद पर 60 रन बनाए थे. (yuvraj singh/instagram)
युवराज सिंह ने रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज (Road Safety World Series) के फाइनल में रविवार को श्रीलंका लीजेंड्स (Sri Lanka Legends) के खिलाफ 41 गेंद पर चार चौकों और इतने ही छक्के की मदद से 60 रन बनाए.
मैच के बाद युवराज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मजेदार कैप्शन- ‘बाहुलबी ब्रोकन’ के साथ एक वीडियो शेयर किया. जिसमें वो होटल के भीतर जाते दिख रहे हैं और स्टाफ शाही अंदाज में उनका स्वागत कर रहा है. इस दौरान बैकग्राउंड में बाहुबली फिल्म का गाना बज रहा है. दरअसल, वीडियो में युवराज के दाएं पैर में बैंडेज बंधा नजर आ रहा, जिससे ये पता चल रहा है कि वो चोटिल हो गए हैं. हालांकि, वीडियो में ऐसा नहीं लग रहा कि वो युवराज अपनी चोट से परेशान हैं. वो पूरे जोश में बाहुबली के गाने पर थिरकते नजर आ रहे हैं.
युवराज ने सीरीज में सबसे ज्यादा 17 छक्के लगाए
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज के दौरान युवराज ने अपने ऑलराउंड खेल से सबको प्रभावित किया. उन्होंने सात मैच में 194 रन बनाए. इस दौरान उनका औसत 64 से ऊपर रहा. उन्होंने इस सीरीज में दो अर्धशतक भी लगाए. इसके अलावा टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 17 छक्के मारे. एक मैच में तो उन्होंने लगातार चार छक्के जड़कर 2007 टी20 वर्ल्ड कप की यादें ताजा करा दीं थीं. तब उन्होंने इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड की 6 गेंदों पर लगातार 6 छक्के लगाए थे. युवराज ने सीरीज के 7 मैच में 4 विकेट भी लिए. इंडिया लीजेंड्स ने टूर्नामेंट में खेले 6 में से पांच मैच जीते और वो अंक तालिका में पहले स्थान पर रही.