आकाश चोपड़ा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में युजवेंद्र चहल के साथ कुलदीप यादव को भी प्लेइंग-11 का हिस्सा बनाने की वकालत की. (Aakash Chopra/Instagram)
पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) के साथ कुलदीप यादव (kuldeep Yadav) को भी प्लेइंग-11 में मौका देने की बात कही है. आकाश ने कहा कि चाइनामैन गेंदबाज को पहले ही टेस्ट,टी20 में मौका नहीं मिल रहा है. ऐसे में अगर वनडे में भी नहीं खेलेंगे तो फिर टीम में रखने का क्या फायदा.
पूर्व भारतीय ओपनर और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) के मन में भी इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे की प्लेइंग-11 को लेकर कई सवाल हैं. लेकिन उन्होंने इस मैच में युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी को खिलाने की वकालत की है. स्टार स्पोर्ट्स के एक शो में बातचीत के दौरान आकाश ने कहा कि अगर कुलदीप को वनडे में भी मौका नहीं मिलेगा, तो फिर उन्हें स्क्वॉड में शामिल करने का क्या मतलब. आकाश ने आगे कहा कि आप तेज गेंदबाजी में जिसे चाहें आजमा सकते हैं, लेकिन स्पिन डिपार्टमेंट में तो आपको कुलदीप और चहल दोनों को खिलाना चाहिए. क्योंकि अगर आप इस जोड़ी को भारत में भी एक साथ नहीं खिलाते हैं, तो फिर कुलदीप क्या करेंगे. आप उन्हें टेस्ट और टी20 में पहले से ही मौका नहीं दे रहे हैं. अब अगर वनडे में भी वो नहीं खेलेंगे, तो फिर इस चाइनामैन गेंदबाज को टीम में रखने का क्या फायदा?.
चहल-कुलदीप की जोड़ी ने पिछला वनडे वर्ल्ड कप में खेला था
बता दें कि चहल-कुलदीप की जोड़ी ने पिछला वनडे 2019 के वर्ल्ड कप में खेला था. तीस जून 2019 को इंग्लैंड के खिलाफ हुए मैच में ये दोनों स्पिनर प्लेइंग-11 का हिस्सा थे. ये अलग बात है कि उस मैच में इन दोनों ने ही खूब रन लुटाए थे. चहल ने 10 ओवर में 88 तो कुलदीप ने इतने ही ओवर में 72 रन दिए थे. दोनों मिलकर सिर्फ एक विकेट ही ले पाए थे. भारत ये मुकाबला 31 रन से हार गया था. वहीं, अगर घर में इस जोड़ी ने 10 मार्च 2019 को अपना पिछला वनडे खेला था. तब कुलदीप-चहल की जोड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उतरी थी. उस मैच में कुलदीप ने 10 ओवर में 64 रन देकर एक विकेट लिया था, जबकि चहल ने भी 10ओवर गेंदबाजी करते हुए 80 रन देकर एक विकेट हासिल किया था. भारत ये मुकाबला भी हार गया था.मोहम्मद सिराज ने हवा में उछलकर पकड़ा कैच, बीसीसीआई ने पूछा- ये कोई पक्षी है या प्लेन?
IND vs ENG: वनडे सीरीज में ओपनिंग करेंगे शिखर धवन, विराट कोहली ने किया कंफर्म
घरेलू वनडे में कुलदीप ने चहल से ज्यादा विकेट लिए
दोनों को पिछले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वनडे सीरीज की टीम में शामिल किया गया था. हालांकि, ये दोनों किसी भी मैच में एक साथ नहीं खेले थे. पहले दो वनडे में चहल को प्लेइंग-11 में मौका मिला था. लेकिन वो दोनों मैचों में महंगे साबित हुए. इसके बाद तीसरे वनडे में कुलदीप यादव खेले और उन्होंने 10 ओवर में 57 रन देकर एक विकेट लिया. कुलदीप ने अब तक 61 वनडे खेले हैं. इसमें उन्होंने कुल 105 विकेट लिए हैं. अगर घर में खेलने की बात करें तो इस चाइनामैन गेंदबाज ने 22 वनडे में 36 विकेट लिए हैं. यानी करिअर के करीब एक तिहाई वनडे उन्होंने घर में खेले और इतने ही विकेट देश में लिए.
वहीं, चहल ने कुल 54 वनडे में 92 विकेट लिए हैं. इसमें से 22 उन्होंने घर में लिए. यानी वनडे में उनके एक चौथाई विकेट घर में आए हैं. घरेलू वनडे में विकेट लेने की बात करें तो कुलदीप का रिकॉर्ड चहल से बेहतर है. ऐसे में उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में मौका मिलना चाहिए. क्योंकि रिस्ट स्पिनर होने की वजह से वो गेंदबाजी में विविधता लाते हैं और इस साल घर में ही टी20 वर्ल्ड कप होना है. ऐसे में फिरकी गेंदबाजों की मददगार भारतीय पिचों पर वो चहल के साथ असरदार साबित हो सकते हैं.