आरोपी पिता पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.
मामला ये था कि लॉकडाउन के दौरान ये बाप-बेटा अपनी लग्जरी कार से कहीं जा रहे थे. उसी दौरान मानसिक रूप से विक्षिप्त इस युवक ने उनकी कार पर पत्थर फेंक दिया. पत्थर कार में जा लगा. गनीमत ये रही कि पत्थर किसी को लगा नहीं.
लात-घूसों से पीटा
अपनी चमचमाती कार पर पत्थर फिंकने से ये बाप-बेटा गुस्से में आ गए. और उन्होंने मानसिक विक्षिप्त युवक पर कहर ढा दिया. दोनों ने मिलकर उस युवक को पकड़ा और उस पर लात-घूसों की बरसात कर दी. बेटे ने युवक का हाथ मरोड़ा और उसे लात ही लात मारी.फिर उस पर मुक्के बरसाए.बेटे के इस ज़ुल्म में पिता भी पीछे नहीं थे. वो भी लपके और उस गरीब युवक को लातें मारीं.
पुलिस को देखकर भागे बाप-बेटा
मानसिक विक्षिप्त युवक बेबस होकर पिटता रहा. उस दौरान सड़क पर कुछ और लोग भी थे. लेकिन बाप-बेटे की गुंडागर्दी देखकर किसी ने उन्हें रोकने की हिम्मत नहीं की. उसी दौरान एमजी रोड थाने के पुलिस कर्मी वहां से गुजरे. उन्हें देखकर बाप-बेटा दोनों कार में बैठकर रफूचक्कर हो गए. हालांकि इस दौरान किसी राहगीर ने वीडियो शूट कर लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
आरोपी पिता-पुत्र पर केस दर्ज
एमजी रोड थाना पुलिस ने वाहन क्रमांक के आधार पर मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस के मुताबिक जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. बताया जा रहा है कि पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया गया है.लेकिन पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर रही है.