- Hindi News
- Local
- Mp
- Government Extended The Repayment Period Of Kharif Loan, Will Get Time To Sell The Crop
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
खंडवा19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सहकारी बैंकों में खाताधारक किसानों को कर्जा चुकाने के लिए सरकार ने 30 दिन की राहत दी है। इससे निमाड़ अंचल के करीब डेढ़ लाख किसानों को फायदा होगा, जो डिफॉल्टर होने से बच जाएंगे। सभी किसान जिला सहकारी बैंक की सोसायटियों से जुड़े हैं। जिन्होंने खरीफ सीजन के तहत फसल ऋण ले रखा है। पहले ऋण चुकाने की अवधि 28 मार्च निर्धारित थी, जिसे शासन ने बढ़ाकर अब 30 अप्रैल कर दिया है।
पिछले दिनों मंदसौर विधायक यशपालसिंह सिसौदिया ने इस संबंध में सीएम और कृषि व सहकारिता मंत्रालय स्तर पर मुद्दे को उठाया था। वहीं, कांग्रेस ने भी मई तक अवधि बढ़ाने की मांग रखी थी। अंतत: 30 अप्रैल अंतिम तारीख निर्धारण हुआ है। अब किसानों को अपनी फसल बेचने का समय भी मिल पाएगा।
निमाड़ अंचल के खंडवा-बुरहानपुर, खरगोन-बड़वानी जिले में करीब 7 लाख किसान जिला सहकारी बैंक की शून्य फीसदी ब्याज दर योजना से जुड़े हैं। तय समय पर ऋण चुकाने पर इसका लाभ मिलता है। गुरुवार को प्रदेश सरकार के सहकारिता विभाग ने आदेश जारी कर दिया कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों द्वारा खरीफ 2020 में वितरित अल्पकालीन फसल ऋण की देय तिथि 30 अप्रैल की गई हैं।
निमाड़ के डेढ़ लाख किसानों को फायदा
सरकार के इस फैसले से निमाड़ अंचल के करीब डेढ़ लाख किसानों को सीधा फायदा होगा। खंडवा-बुरहानपुर में कुल करीब पौने 4 लाख खाताधारक किसान है। इनमें से 90 हजार किसानों ने अभी तक कर्ज की राशि नहीं चुकाई हुई है। वहीं, खरगोन-बड़वानी में कुल सवा 3 लाख किसान है, जिनमें से 60 हजार किसान कर्ज की राशि नहीं चुका पाए हैं। गांव रोहिणी के किसान बजरंग पटेल ने बताया, पूरे अप्रैल माह तक गेहूं-चना की खरीदी होगी। उपार्जन की राशि मिलने पर ही किसान ऋण की अदायगी कर सकेंगे, इस लिहाज से सरकार का फैसला ठीक है।