IND VS ENG: सूर्यकुमार यादव ने टी20 सीरीज में जबरदस्त प्रदर्शन किया था (फोटो-एपी)
Ind vs Eng, 2nd ODI Match Preview: सूर्यकुमार यादव ने टी20 क्रिकेट में शानदार डेब्यू करके अपना दावा पुख्ता किया है. यह खिलाड़ी श्रेयस अय्यर की जगह दूसरे वनडे मैच में डेब्यू कर सकता है.
कोरोना महामारी से पहले श्रेयस भारतीय वनडे टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक थे लेकिन भारत की ‘बेंच स्ट्रेंथ’ इतनी मजबूत है कि अब पदार्पण करने जा रहा खिलाड़ी भी विश्व चैम्पियन टीम के लिये खतरनाक लग रहा है. कप्तान विराट कोहली समेत टीम प्रबंधन के सामने चयन की दुविधा होगी. रवींद्र जडेजा तीन महीने से टीम से बाहर है लेकिन टेस्ट में अक्षर पटेल और वनडे में क्रुणाल पंड्या ने उनकी कमी महसूस नहीं होने दी. आईपीएल के कारण मशहूर हुए प्रसिद्ध कृष्णा ने वनडे क्रिकेट में पदार्पण के साथ शानदार प्रदर्शन करके चार विकेट चटकाये.
फॉर्म में वापस लौटे शिखर धवन
जडेजा और जसप्रीत बुमराह के लौटने पर क्रुणाल या कृष्णा में से एक को बाहर रहना होगा. भारत के लिये सबसे बड़ी राहत शिखर धवन का फॉर्म में लौटना रहा जिन्होंने 98 रन बनाये. टी20 सीरीज से बाहर रहने के बाद उन पर अच्छे प्रदर्शन का काफी दबाव था. रोहित शर्मा को पहले मैच में कोहनी में चोट लगी लेकिन उनके फिट होने की उम्मीद है. रोहित को ब्रेक देने पर शुभमन गिल दूसरे मैच में धवन के साथ पारी का आगाज कर सकते हैं. ऐसे में राहुल मध्यक्रम में उतरेंगे. वैसे सूत्रों के अनुसार रोहित की चोट गंभीर नहीं है और वह खेलने को बेताब हैं.चहल को होगी वापसी
समझा जाता है कि पंत बल्लेबाज के तौर पर ही खेलेंगे और राहुल विकेटकीपिंग करेंगे. चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने पहले मैच में नौ ओवर में 68 रन दिये जिनकी जगह लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को उतारा जा सकता है. भुवनेश्वर कुमार, कृष्णा और शार्दुल ठाकुर की तेज तिकड़ी ने दस में से नौ विकेट लिये और वे इस लय को कायम रखना चाहेंगे. ठाकुर लगातार खेल रहे हैं और विविधता के लिये टी नटराजन या मोहम्मद सिराज को उतारा जा सकता है. कोहली ने पहले मैच के बाद कहा था ,‘‘यह हमारी सबसे अच्छी जीत में से है. वनडे में इतने अच्छे मैच हमने हाल ही में नहीं खेले हैं. मुझे बहुत गर्व हो रहा है.’’
यह भी पढ़ें:
IND vs ENG, 2nd ODI: प्लेइंग XI, मौसम-पिच का मिजाज, ऑनलाइन स्ट्रीमिंग, जानें सबकुछ यहां
IPL 2021 के 10 नए नियम जो टीम से लेकर खिलाड़ियों के परिवार को भी मानने होंगे
मॉर्गन की चोट से बढ़ी इंग्लैंड की परेशानी
दूसरी ओर इंग्लैंड की कोशिश यह मैच जीतकर श्रृंखला में बने रहने की होगी. कप्तान ऑयन मॉर्गन और बल्लेबाज सैम बिलिंग्स को पहले मैच में लगी चोट ने उसकी परेशानियां बढ़ा दी है. जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय ने अच्छा प्रदर्शन किया था और उनसे इसके दोहराव की उम्मीद होगी. मध्यक्रम अपनी क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर सका. बेन स्टोक्स, जोस बटलर और मोईन अली नाकाम रहे. इंग्लैंड को बड़ा स्कोर बनाना है तो इन तीनों को अच्छी पारी खेलनी होगी. दूसरी ओर स्पिनर आदिल राशिद और मोईन भारतीय बल्लेबाजों को परेशान नहीं कर सके और दोनों को विकेट नहीं मिली. टॉम कुरेन को अपने भाई सैम और मार्क वुड का तेज गेंदबाजी में साथ देना होगा.