पिता पेसर, मां वॉलीबॉल प्लेयर; जानें प्रसिद्ध कृष्णा ने क्यों लिया क्रिकेटर बनने का फैसला

पिता पेसर, मां वॉलीबॉल प्लेयर; जानें प्रसिद्ध कृष्णा ने क्यों लिया क्रिकेटर बनने का फैसला


प्रसिद्ध कृष्णा के पिता पेसर थे जबकि मां स्टेट लेवल पर वॉलीबॉल खेल चुकी हैं

India vs England: भारतीय पेसर प्रसिद्ध कृष्णा ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला और दमदार प्रदर्शन से छा गए. उनके सामने एक वक्त बड़ा मुश्किल सवाल था कि वह किस खेल में अपना करियर बनाएं तब उनकी लंबाई के कारण उन्होंने क्रिकेट को चुना.

नई दिल्ली. तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) अपने डेब्यू इंटरनैशनल मैच में दमदार प्रदर्शन करने के बाद काफी मशहूर हो गए हैं. भारत ही नहीं पाकिस्तान तक में उनकी तारीफ की जा रही है. कृष्णा ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले वनडे में (IND vs ENG 1st ODI) कमाल दिखाया और 4 विकेट झटके. भारतीय टीम (India National Cricket Team) ने उस मैच में 66 रनों से जीत दर्ज की और सीरीज में बढ़त भी बना ली.

कर्नाटक के कृष्णा के सामने हालांकि एक वक्त ऐसी मुश्किल हो गई थी कि वह किस खेल को चुनें. उनके पिता मुरली कृष्णा एक तेज गेंदबाज थे जिन्होंने कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया. उनकी मां कलावति राज्य स्तर की वॉलीबॉल प्लेयर रहीं. ऐसे में उन्हें किस खेल में अपना करियर बनाना है, यह उन्हें 14 साल की उम्र में फैसला लेना था.

कर्नाटक के पूर्व फर्स्ट क्लास क्रिकेटर श्रीनिवास मूर्ति ने कृष्णा को अपने पिता की तरह एक तेज गेंदबाज बनने की सलाह दी. बेंगलुरु के कारमेल स्कूल में पढ़ने वाले कृष्णा ने फिर क्रिकेट में करियर बनाने का फैसला कर लिया. हालांकि ऐसा उनकी लंबाई के कारण भी हुआ.

25 साल की उम्र में उन्होंने इंटरनैशनल डेब्यू किया और टीम इंडिया की जर्सी पहनने का उनका सपना भी पूरा हुआ. उन्होंने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 54 रन देकर 4 विकेट झटके और इंग्लैंड के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया.

मुरली कृष्णा तो भले ही कॉलेज के आगे क्रिकेट में करियर नहीं बना पाए लेकिन उन्होंने अपने बेटे का सपना पूरा करने में मदद की. मुरली ने एक अखबार को दिए इंटरव्यू में बताया कि कृष्णा की लंबाई काफी थी और जब वह करीब 15 साल का था तो काफी तेज गेंदबाजी कर लेता था. कृष्णा ने 2015-16 में कर्नाटक के लिए फर्स्ट क्लास डेब्यू किया. दो साल बाद वह एमआरएफ पेस फाउंडेशन से जुड़ गए और चेन्नई में उन्होंने अपनी धार को और मजबूत किया, फिटनेस पर काफी काम किया और टीम इंडिया के लिए खेलने के काबिल बनाया.

आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए खेलने वाले कृष्णा को टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से भी तारीफ मिली. विराट ने उन्हें एक्स फैक्टर तक बताया. इतना ही नहीं, पड़ोसी देश पाकिस्तान के दिग्गज शोएब अख्तर ने भी कृष्णा की तारीफ की. कृष्णा ने आईपीएल करियर में अब तक 24 मैच खेले और कुल 18 विकेट लिए हैं.









Source link