वैक्सीनेशन सेंटर पर बीजेपी ने बनाई हेल्प डेस्क, कांग्रेस ने कहा- यहां भी राजनीति कर रही पार्टी

वैक्सीनेशन सेंटर पर बीजेपी ने बनाई हेल्प डेस्क, कांग्रेस ने कहा- यहां भी राजनीति कर रही पार्टी


इंदौर. कोरोना के खिलाफ देशभर में वैक्सीनेशन चल रहा है, लेकिन मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव है, इसलिए राजनैतिक दल इस मौके को भी भुनाने में लग गए हैं. बीजेपी ने तो हर वैक्सीनेशन सेंटर के बाहर हेल्प डेस्क बना दी है, लेकिन कांग्रेस इस पर आपत्ति जता रही है. कांग्रेस का कहना है कि निकाय चुनाव से पहले सरकारी प्रोग्राम का राजनीतिक फायदा उठाने का अधिकार किसी भी पार्टी को नहीं है.

दरअसल बीजेपी ने हर वैक्सीनेशन सेंटर के बाहर एक हेल्प डेस्क बना दी है. इस पर बीजेपी के कार्यकर्ता लोगों को बता रहे हैं कि वैक्सीन लगवाने का काम बीजेपी की सरकार कर रहीं है. हालांकि, इस बारे में बीजेपी का कहना है कि आम लोगों को कोरोना टीकाकरण कराने में कुछ सामान्य सी दिक्कतें आ रही थी इसलिए मदद के लिए हर वैक्सीनेशन सेंटर के बाहर अपना एक बूथ लगाना शुरू कर दिया है.

बुजुर्गों को घर से लेकर वैक्सीनेशन सेंटर तक ला रही बीजेपी

बीजेपी इसे हेल्प डेस्क नाम दे रही है. पार्टी का तर्क है कि बूथ के माध्यम से वो लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित कर रही है. बूथ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों को घर से निकालकर वैक्सीनेशन सेंटर तक लाने की व्यवस्था कर रहे हैं. गर्मी को देखते हुए वैक्सीनेशन सेंटर पर छाया के लिए टेंट लगाए गए हैं, जिससे वो भीड़ होने की स्थिति में यहां बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर सकें. यहां पीने की पानी की व्यवस्था भी की गई है जिससे किसी को कोई परेशानी न हो.कांग्रेस ने लगाया राजनीतिकरण का आरोप

इधर वैक्सीनेशन सेंटर्स पर बीजेपी की हेल्प डेस्क को लेकर राजनीति गरमा गई है. कांग्रेस ने इस पर आपत्ति जताई है. कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अनुरोध ललित जैन का कहना है कि निकाय चुनाव से पहले सरकारी कार्यक्रम का इस तरह राजनीतिक फायदा उठाने का अधिकार किसी भी दल को नहीं है. वैक्सीनेशन का कार्यक्रम केन्द्र सरकार का है और ये सबके लिए है. लेकिन बीजेपी इसका राजनीतिकरण करने में लग गई है. बीजेपी के लोग वैक्सीन लगवाने के नाम पर अधिकारियों पर दबाव बनाकर अपने लोगों के रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं, ये गलत है.

हर जगह राजनीति कर रही भाजपा- कांग्रेस

जैन ने कहा – ये ऐसी चीज है इसमें लोगों को राजनीति से ऊपर उठकर बुजुर्गों और 45 साल से ऊपर के गंभीर बीमारियों से ग्रस्त सभी लोगों के टीकाकरण का प्रयास करना चाहिए. लेकिन ये दुर्भाग्य की बात है कि भारतीय जनता पार्टी छोटी से छोटी चीज में राजनीति करना जानती है औऱ वो इसमें भी राजनीति कर रही है.

कांग्रेस को हर जगह राजनीति दिखाई देती है- लालवानी

वहीं, सांसद शंकर लालवानी का कहना है कि बीजेपी का मकसद है कि कोई भी व्यक्ति वैक्सीन लगने से न छूट जाए. इसलिए बीजेपी कार्यकर्ता घरों से लोगों निकालकर वैक्सीनेशन सेंटर तक ला रहे हैं. वैक्सीनेशन सेंटर पर बैठने और पीने के पानी की व्यवस्था पार्टी की तरफ से की गई है. ये पहल आम आदमी की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है.

उन्होंने कहा कि हमारा मकसद राजनीति करना नहीं है, लेकिन कांग्रेस को हर अच्छे काम में राजनीति दिखती है. यही वजह है कि वो धरातल में चली गई है. गौरतलब है कि इंदौर जिले में 244 कोरोना वैक्सीनेशन के सेंटर हैं. वहीं शहर में 150 से ज्यादा जगहों पर वैक्सीन लगाई जा रही है, जिसमें तकरीबन 50 हजार लोगों को रोज डोज लगाए जा रहे हैं.





Source link