बेन स्टोक्स(Ben stokes) ने भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में गेंद चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल किया. (Ben stokes/Twitter)
इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने भारत के खिलाफ पुणे में हो रहे दूसरे वनडे में फील्डिंग के दौरान गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल किया. उनकी इस हरकत पर फील्ड अंपायर वीरेंद्र शर्मा (Virender Sharma) ने चेतावनी दी. ये वाकया भारतीय पारी के चौथे ओवर में हुआ था.
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने कोरोना के कारण गेंद को चमकाने के लिए लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा रखा है. ये फैसला पिछले साल लिया गया था. नियमों के तहत अगर गेंदबाजी टीम का कोई खिलाड़ी ऐसा करता है तो अंपायर टीम टीम को दो बार चेतावनी देता है. अगर तीसरी बार भी गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल होता है, तो उस सूरत में गेंदबाजी टीम पर जुर्माना लगाने का प्रावधान किया गया है. इसके तहत बल्लेबाजी करने वाली टीम के खाते में 5 रन जोड़ दिए जाएंगे. ये कोई पहला मौका नहीं है, जब स्टोक्स ने गेंद चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल किया है. इससे पहले भी उन्होंने भारत-इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद में हुए डे-नाइट टेस्ट के पहले दिन यही गलती की थी. तब भी उन्हें अंपायर ने चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था.
इंग्लैंड ने इस मैच के लिए तीन बदलाव किए इससे पहले मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की. इस मैच के लिए इंग्लैंड ने अपने प्लेइंग-11 में तीन बदलाव किए. रेगुलर कप्तान ऑयन मोर्गन के चोटिल होने के कारण बटलर टीम की कप्तानी कर रहे हैं. मोर्गन की जगह टीम में डेविड मलान, सैम बिलिंग्स की जगह लियाम लिविंगस्टोन और मार्क वुड की जगह रीस टॉपले को शामिल किया गया है. उधर, भारतीय टीम में सिर्फ एक बदलाव हुआ. चोटिल श्रेयस अय्यर की जगह ऋषभ पंत ये मैच खेल रहे हैं. अय्यर को पहले वनडे में फील्डिंग के दौरान कंधे में चोट लग गई थी. इस वजह से वो आईपीएल से भी बाहर हो गए हैं.