कांग्रेस के प्रत्याशी अजय टंडन को भाजपा ने घेर लिया है.
दमोह उप चुनाव: कांग्रेस के प्रत्याशी अजय टंडन का वीडियो वायरल हो गया है. दरअसल, वे किसी को पैसे देते दिखाई दे रहे हैं. बीजेपी ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है.
- Last Updated:
March 27, 2021, 3:26 PM IST
बीजेपी के नेताओं ने दमोह उप चुनाव में कांग्रेस पर पैसों का ‘खेला होवे’ का आरोप लगाया है. बीजेपी ने मामले में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को ज्ञापन देकर शिकायत दर्ज कराई है. बीजेपी ने कांग्रेस प्रत्याशी के पैसे बांटने के वीडियो को आचार संहिता का उल्लंघन बताया. बीजेपी ने इस मामले में आयोग से तत्काल कार्रवाई करते हुए कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन निरस्त करने की मांग की. बीजेपी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि वायरल वीडियो में साफ है कि कांग्रेस नोट के बदले वोट कबाड़ने की कोशिश में है. ऐसे में पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए आयोग को तत्काल एक्शन लेना चाहिए.
बीजेपी मामले को बेवजह तूल दे रही है- कांग्रेस
वहीं कांग्रेस अजय टंडन के बचाव में उतर आई है. पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने वायरल वीडियो पर कहा है कि उप चुनाव के दौरान बैनर पोस्टर समेत कई कार्यक्रम होते हैं. प्रचार प्रसार के लिए यदि कोई राशि दी जाए तो यह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होता. बीजेपी इसे बेवजह तूल दे रही है. बहराल दमोह सीट पर 17 अप्रैल को होने वाला उप चुनाव बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए साख का सवाल बन गया है.