हार्दिक पंड्या ने पिछले दो वनडे में गेंदबाजी नहीं की है.
IND vs ENG 2nd ODI: हार्दिक पंड्या ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में तो गेंदबाजी की, लेकिन वनडे में उन्होंने गेंदबाजी नहीं की. इस बारे में जब टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आगामी सीरीज को देखते हुए यह फैसला लिया गया. दिग्गज ओपनर सहवाग इससे नाखुश नजर आए.
इंग्लैंड ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी का फैसला किया. टीम इंडिया ने केएल राहुल (108) के शतक के अलावा ऋषभ पंत (77) और कप्तान विराट कोहली (66) के अर्धशतकों की मदद से 6 विकेट पर 336 रन का मजबूत स्कोर बनाया लेकिन इंग्लैंड ने 4 विकेट खोकर 43.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया. मैन ऑफ द मैच रहे जॉनी बेयरस्टो (Jonny Bairstow) ने 124 रन की नाबाद पारी खेली. उनके अलावा बेन स्टोक्स ने 99 रन बनाए.
भारतीय गेंदबाज इस मैच में कुछ खास नहीं कर सके. स्पिनरों के खिलाफ तो काफी रन बने जिसमें चाइनामैन कुलदीप यादव ने 84 रन लुटाए. क्रुणाल पंड्या ने भी 6 ओवर में 72 रन दे दिए. प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और भुवनेश्वर कुमार ने एक विकेट लिया.
शतक के सूखे पर विराट कोहली बोले-जिंदगी में कभी 100 के लिए नहीं खेला, टीम की जीत ज्यादा जरूरीहार्दिक पंड्या को भी इस मैच में मौका दिया गया था, लेकिन उनसे गेंदबाजी नहीं कराई गई. पूर्व भारतीय धुरंधर ओपनर वीरेंद्र सहवाग कप्तान कोहली के इस फैसले से नाखुश नजर आए. स्पिनरों के खिलाफ इंग्लिश बल्लेबाजों ने जमकर रन बटोरे, ऐसे में कप्तान कोहली के पास सिर्फ छठे गेंदबाज का ही विकल्प बचा था, जो उनकी टीम को भारी पड़ गया. कोहली ने हालांकि अपने इस फैसले का बचाव किया और कहा आने वाले कुछ महीनों में भारतीय टीम की सीरीज को देखते हुए यह फैसला लिया गया.
सहवाग ने इस पर नाखुशी जाहिर करते हुए कहा कि अगले कुछ महीनों में भारत को कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेलना है. उन्होंने क्रिकबज से कहा, ‘हमें अब इस सीरीज के बाद आईपीएल ही खेलना है. आप यह कहना चाह रहे हैं कि सीरीज हारने से कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि हार्दिक के लिए वर्कलोड मैनेजमेंट अहम है. पूरे मैच में फील्डिंग करने से भी किसी खिलाड़ी को थकान हो सकती है, ऐसे में हार्दिक को 3-4 ओवर गेंदबाजी कराने से कोई खास फर्क नहीं पड़ता.’
27 साल के हार्दिक ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में जरूर गेंदबाजी की थी लेकिन वनडे में उनसे अभी तक दोनों मैचों में गेंदबाजी नहीं कराई गई है. सहवाग ने कहा कि ऐसा भी हो सकता है कि हार्दिक ने खुद ही आईपीएल-2021 से पहले गेंदबाजी से ब्रेक के लिए कहा हो. उन्होंने कहा कि हार्दिक ने कमर की सर्जरी के बाद से ज्यादा क्रिकेट नहीं खेला है.
उन्होंने कहा, ‘हार्दिक सर्जरी कराने के बाद टीम के लौटे और फिर वह टेस्ट मैच में नहीं खेले, पांच टी20 मैच खेले और उनमें 2-3 ओवर फेंके. इस तरह उन्होंने गेंदबाजी को लेकर ज्यादा लोड लिया नहीं है.’ हार्दिक ने अब तक 11 टेस्ट, 59 वनडे और 48 टी20 इंटरनैशनल मैच खेले हैं. उनके नाम टेस्ट में 17, वनडे में 55 और टी20 इंटरनैशनल फॉर्मेट में कुल 41 विकेट हैं.